डिबाई
बुलंदशहर जनपद के डिबाई थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम इच्छावरी से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज़ 24 की खास रिपोर्ट।

बुलंदशहर जनपद के डिबाई थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम इच्छावरी से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। बुधवार पूर्वाह्न खेत में पानी लगाने गए एक 38 वर्षीय किसान की नंगे बिजली के तार की चपेट में आने से करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है। मृतक के भाई ने डिबाई थाने में तहरीर देकर पड़ोसी खेत स्वामियों पर घोर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
सिंचाई करने गए थे खेत, नंगे तारों ने ली जान
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम इच्छावरी निवासी विकास पाठक उर्फ बाबू (38 वर्ष), पुत्र स्वर्गीय सत्यदेव पाठक, बुधवार सुबह करीब 11:30 बजे अपने खेत पर फसल की सिंचाई करने गए थे। परिजनों का आरोप है कि पड़ोसी खेत से जुड़े ट्यूबवेल के नंगे बिजली के तार खेत की मेड़ के पास असुरक्षित तरीके से पड़े हुए थे। सिंचाई के दौरान विकास पाठक अचानक इन तारों की चपेट में आ गए और मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़े।
खाना लेकर पहुंचे भाई को भी लगा करंट का झटका
मृतक के भाई विवेक पाठक ने पुलिस को दी गई लिखित तहरीर में बताया कि जब वे दोपहर में अपने भाई के लिए खाना लेकर खेत पहुंचे, तो उन्होंने विकास को अचेत अवस्था में पड़ा देखा।
तहरीर के अनुसार
मैंने भाई को आवाज दी, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। जब मैंने उसे छूने का प्रयास किया, तो मुझे भी तेज करंट का झटका लगा। स्थिति भांपते ही मैंने दौड़कर ट्यूबवेल की बिजली सप्लाई बंद की। जब वापस लौटकर भाई को देखा, तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। आनन-फानन में उन्हें सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पड़ोसियों पर पहले भी चेतावनी न मानने का आरोप
विवेक पाठक ने गांव के ही फुलवती पत्नी आनंद शर्मा, नूतन शर्मा उर्फ नितिन पुत्र रामभूल शर्मा तथा महेंद्र सिंह पुत्र कल्याण सिंह पर आरोप लगाया है कि उन्होंने अपने ट्यूबवेल के बिजली के नंगे तार खेत की मेड़ पर अवैध और खतरनाक तरीके से डाल रखे थे। परिजनों का कहना है कि इन तारों को हटाने के लिए पड़ोसियों को पहले भी कई बार कहा गया था, लेकिन उन्होंने इस गंभीर खतरे को नजरअंदाज कर दिया।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची डिबाई थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
पुलिस प्रशासन का कहना है
परिजनों की तरफ से तहरीर प्राप्त हो चुकी है। पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मौके की जांच के आधार पर संबंधित दोषियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
लखीमपुर खीरी दिल्ली में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में समाजवादी पार्टी ने मंगलवार रात लखीमपुर खीरी में प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ता लोहिया भवन पर एकत्र हुए और मौजूदा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। pic.twitter.com/5v1ccNDMV5
— Voice of News 24 (@VOfnews24) July 22, 2026













