लखीमपुर खीरी
लखीमपुर खीरी जनपद के मुख्यालय से करीब 60 किलोमीटर दूर मझगई थाना क्षेत्र के धर्मापुर गांव में मंगलवार शाम एक भीषण अग्निकांड में तीन घर जलकर खाक हो गए। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज़ 24 की खास रिपोर्ट।

लखीमपुर खीरी जनपद के मुख्यालय से करीब 60 किलोमीटर दूर मझगई थाना क्षेत्र के धर्मापुर गांव में मंगलवार शाम एक भीषण अग्निकांड में तीन घर जलकर खाक हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और दूर-दूर तक धुएं का गुबार उठता देखा गया। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद करीब एक घंटे में आग पर काबू पाया।
खाना बनाते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, घटना शाम करीब 5 बजे की है। गांव निवासी विकास के घर में रसोई में खाना बन रहा था। इसी दौरान अचानक उठी चिंगारी ने पास रखे घरेलू सामान को पकड़ लिया। जब तक खाना बना रही विकास की मां कुछ समझ पातीं, तब तक आग ने पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया।
छप्पर के दो अन्य मकान भी आए जद में
देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पास में बने दो अन्य छप्पर के मकानों तक फैल गई। आग की तेज लपटें आसमान की ओर उठने लगीं और गांव के बाहर से ही काले धुएं का गुबार साफ दिखाई देने लगा। घटना से ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई और लोग बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाने के प्रयास में जुट गए।
दमकल की गाड़ियों ने पाया काबू, जनहानि टली
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम वाटर कैनन के साथ मौके पर पहुँची। दमकलकर्मियों ने पानी की बौछारें मारते हुए लगभग 1 घंटे की मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह से शांत किया। राहत की बात यह रही कि इस बड़े हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन तीनों घरों में रखा गृहस्थी का सारा सामान जलकर स्वाहा हो गया। पीड़ितों के मुताबिक इस अग्निकांड में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
पीड़ितों ने लगाई मुआवजे की गुहार
सालों की मेहनत से बनाए आशियाने और सामान के जल जाने के बाद पीड़ित परिवारों के सामने गहरा आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। बेघर हुए पीड़ितों ने शासन-प्रशासन से आर्थिक सहायता और मुआवजे की गुहार लगाई है।
टूटती सड़क दे रही मौत को दावत, ग्रामीणों में भारी आक्रोश; ज्ञापन के बाद भी जिम्मेदार मौनhttps://t.co/wpu91ReqUL
— Voice of News 24 (@VOfnews24) July 20, 2026













