सिद्धार्थनगर
सिद्धार्थनगर जनपद में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष (राज्यमंत्री स्तर) डॉ. बबीता सिंह चौहान ने मंगलवार को जिला कारागार सिद्धार्थनगर का औचक निरीक्षण किया।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज़ 24 की खास रिपोर्ट।

सिद्धार्थनगर जनपद में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष (राज्यमंत्री स्तर) डॉ. बबीता सिंह चौहान ने मंगलवार को जिला कारागार सिद्धार्थनगर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान जेल प्रशासन द्वारा उनका औपचारिक स्वागत किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने महिला बैरक का विशेष भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता, भोजन की गुणवत्ता, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाओं और शौचालयों की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डॉ. बबीता सिंह चौहान ने महिला बंदियों से आत्मीयतापूर्वक बातचीत की और उनकी समस्याओं व सुझावों को ध्यानपूर्वक सुना। महिला बंदियों का हौसला बढ़ाते हुए उन्होंने कहा
प्रत्येक महिला को सम्मानपूर्वक और गरिमापूर्ण जीवन जीने का अधिकार है। शासन की प्राथमिकता है कि कारागार में निरुद्ध महिलाओं को सुरक्षित और मानवीय वातावरण मिले। कारागार केवल दंड देने का स्थान नहीं, बल्कि यह आत्मचिंतन, सुधार और पुनर्वास का केंद्र है, जहाँ से व्यक्ति सुधरकर समाज की मुख्यधारा में पुनः सम्मानजनक स्थान प्राप्त कर सकता है।
कौशल विकास पर जोर और पौधरोपण का संदेश
आयोग की अध्यक्ष ने जेल प्रशासन की साफ-सफाई और अनुशासन की सराहना की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि महिला बंदियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा, कौशल विकास, योग, काउंसलिंग (परामर्श) और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाए।
इस अवसर पर डॉ. बबीता सिंह चौहान ने महिला बैरक परिसर में पौधरोपण भी किया। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक अहम कदम है और सभी को अपनी नैतिक जिम्मेदारी समझते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने चाहिए।
जेल प्रशासन ने सुधारात्मक कार्यों की दी जानकारी
जेल अधीक्षक सचिन वर्मा ने राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष को कारागार में संचालित सुधारात्मक एवं कल्याणकारी कार्यक्रमों से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप महिला बंदियों के स्वास्थ्य, सुरक्षा, पोषण और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण का पूरा ध्यान रखा जा रहा है।
कार्यक्रम में ये अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर डिप्टी जेलर मुकेश प्रकाश, अजीत चंद, महेश सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी विनय सिंह सहित जिला कारागार के अन्य वरिष्ठ अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
सीएम योगी का आज बहराइच दौरा
बहराइच को CM योगी आदित्यनाथ की बड़ी सौगात! 350 करोड़ की 70 विकास परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण व शिलान्यास! pic.twitter.com/X9lHBcLfb7— Voice of News 24 (@VOfnews24) July 21, 2026













