सिद्धार्थनगर
सिद्धार्थनगर जनपद के सोहना-बभनी मार्ग से होकर खखरांव जाने वाले मुख्य रास्ते पर स्थित एक पुलिया इन दिनों राहगीरों और वाहन चालकों के लिए सीधे तौर पर मौत का सबब बनी हुई है।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

सिद्धार्थनगर जनपद के सोहना-बभनी मार्ग से होकर खखरांव जाने वाले मुख्य रास्ते पर स्थित एक पुलिया इन दिनों राहगीरों और वाहन चालकों के लिए सीधे तौर पर मौत का सबब बनी हुई है। पुलिया का लगभग 50 प्रतिशत हिस्सा पूरी तरह से टूटकर क्षतिग्रस्त हो चुका है। व्यस्त मार्ग होने के बावजूद इस टूटी पुलिया पर सुरक्षा का कोई इंतजाम न होना लोक निर्माण विभाग और स्थानीय प्रशासन की घोर लापरवाही को बयां कर रहा है।
स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक, यह मार्ग सोहना, बभनी और खखरांव सहित दर्जनों गांवों को आपस में जोड़ता है। इस वजह से प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में स्कूली बच्चे, किसान और राहगीर इसी जर्जर पुलिया के ऊपर से होकर गुजरते हैं। पुलिया का आधा हिस्सा जमींदोज हो जाने के कारण यहाँ दोपहिया और चारपहिया वाहनों का संतुलन बिगड़ने का खतरा हर पल बना रहता है। रात के अंधेरे में स्थिति और भी ज्यादा भयावह हो जाती है, जब अनजाने में लोग इस टूटे हिस्से के बेहद करीब से गुजरते हैं।
इलाकाई लोगों का कहना है कि पुलिया की हालत दिन-प्रतिदिन और बदतर होती जा रही है। यदि समय रहते इसके पुनर्निर्माण या ठोस मरम्मत की दिशा में कोई कदम नहीं उठाया गया, तो कभी भी कोई भारी वाहन या राहगीर इस गहरे गड्ढे में गिर सकता है, जिससे बड़ी जनहानि की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
ग्रामीणों का आरोप है कि जर्जर पुलिया की सुध लेने के लिए अब तक विभाग का कोई भी जिम्मेदार नुमाइंदा मौके पर नहीं पहुंचा है। स्थानीय नागरिकों ने सिद्धार्थनगर जिला प्रशासन और संबंधित अभियंताओं से पुरजोर मांग की है कि इस गंभीर समस्या को प्राथमिकता पर लेते हुए जल्द से जल्द नई पुलिया का निर्माण शुरू कराया जाए, ताकि बेकसूर ग्रामीणों को संभावित हादसों से बचाया जा सके।
सिकंदराबाद: निजामपुर में पैसों के विवाद में खूनी संघर्ष, लाठी-डंडों के बाद चलीं गोलियां, गाड़ी से कुचला दो की मौत, तीन गंभीर रूप से घायल pic.twitter.com/W2JD07AEVu
— Voice of News 24 (@VOfnews24) July 15, 2026












