बृजमनगंज
महराजगंज जनपद में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और तेज हवाओं के कारण सोमवार देर रात नगर पंचायत क्षेत्र बृजमनगंज के रेलवे स्टेशन रोड पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

महराजगंज जनपद में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और तेज हवाओं के कारण सोमवार देर रात नगर पंचायत क्षेत्र बृजमनगंज के रेलवे स्टेशन रोड पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहाँ वर्षों पुराना एक विशालकाय नीम का पेड़ अचानक जड़ से उखड़कर मुख्य मार्ग पर धराशाई हो गया। पेड़ के गिरते ही रेलवे स्टेशन मार्ग पर आवागमन पूरी तरह से ठप हो गया। गनीमत यह रही कि आधी रात का समय होने के कारण रास्ते पर कोई राहगीर या वाहन मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
बाबा के जमाने की धरोहर था पेड़, आंधी-पानी ने ढाया
यह विशाल नीम का पेड़ रेलवे स्टेशन मार्ग पर स्थित मधु श्याम जायसवाल के मकान के सामने रेलवे की भूमि पर स्थित था। भावुक होते हुए मधु श्याम जायसवाल ने बताया कि यह पेड़ उनके बाबा जी ने अपने हाथों से लगाया था, जो क्षेत्र की ऐतिहासिक धरोहर की तरह था। देर रात हुई तेज आंधी और मूसलाधार बारिश के चलते जमीन काफी नरम हो गई थी, जिसके कारण यह पुराना और भारी-भरकम पेड़ अपनी पकड़ खोकर सीधे सड़क पर आ गिरा।
नगर अध्यक्ष पहुंचे मौके पर, रेलवे ने कटर और जेसीबी से साफ कराया रास्ता
घटना की सूचना मिलते ही नगर पंचायत अध्यक्ष राकेश जायसवाल तत्काल राहत कार्य का जायजा लेने मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत रेलवे प्रशासन के उच्चाधिकारियों से संपर्क कर यातायात बहाल कराने की बात कही। इसके बाद रेल प्रशासन ने सक्रियता दिखाते हुए ठेकेदार के माध्यम से जेसीबी, कटर और आधुनिक उपकरणों के साथ टीम भेजी। टीम ने पेड़ की भारी और मोटी डालियों को काटकर सड़क से किनारे कराया, जिसके बाद यातायात सुचारू हो सका।
राहगीरों की छांव और क्षेत्र की पहचान था यह नीम
स्थानीय दुकानदारों और बुजुर्गों के अनुसार, यह नीम का पेड़ केवल एक वृक्ष नहीं बल्कि इस पूरे क्षेत्र की पहचान बन चुका था। तपती गर्मी के दिनों में यहाँ से गुजरने वाले राहगीरों, यात्रियों और आसपास के दुकानदारों के लिए यह शीतल छांव का सबसे बड़ा सहारा था। इस ऐतिहासिक पेड़ के गिरने से स्थानीय लोगों में काफी मायूसी है।
कमजोर पेड़ों को सुरक्षित ढंग से हटवाएगी नगर पंचायत: राकेश जायसवाल
मौके पर पहुंचे नगर अध्यक्ष राकेश जायसवाल ने कहा कि प्रकृति की इस आपदा में किसी भी जान-माल का नुकसान न होना बेहद राहत की बात है। उन्होंने बताया कि लगातार हो रही भारी बारिश के कारण नगर के अन्य इलाकों में भी कुछ पुराने और जर्जर पेड़ कमजोर हो चुके हैं। नगर पंचायत प्रशासन द्वारा ऐसे सभी खतरनाक पेड़ों की पहचान कराई जा रही है, ताकि उन्हें समय रहते सुरक्षित तरीके से हटवाया जा सके। इसके साथ ही उन्होंने आम नागरिकों से अपील की है कि तेज बारिश और आंधी के दौरान पुराने पेड़ों या जर्जर मकानों के नीचे खड़े न हों और पूरी सावधानी बरतें।
उत्तर प्रदेश शासन-प्रशासन की उपेक्षा और जनप्रतिनिधियों के झूठे आश्वासनों से तंग आकर अब ग्रामीण अनोखे अंदाज में अपना विरोध दर्ज करा रहे हैं। ताजा मामला सिद्धार्थनगर जिले के इटवा ब्लॉक के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत औरहवा के बड़ईया टोले से सामने आया है। pic.twitter.com/lPuUhpC40x
— Voice of News 24 (@VOfnews24) July 14, 2026












