सहारनपुर: नागल में जर्जर मकान की छत गिरने से 23 वर्षीय दिव्यांग युवती की मलबे में दबकर मौत, गांव में मातम

नागल (सहारनपुर)

नपद के नागल थाना क्षेत्र के अंतर्गत गांव सलेमपुर में सोमवार तड़के एक बड़ा और हृदयविदारक हादसा सामने आया है। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

सहारनपुर जनपद के नागल थाना क्षेत्र के अंतर्गत गांव सलेमपुर में सोमवार तड़के एक बड़ा और हृदयविदारक हादसा सामने आया है। यहाँ एक जर्जर मकान के बरामदे की छत अचानक भरभराकर गिर गई, जिसके मलबे में दबने से 23 वर्षीय एक दिव्यांग युवती की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे के बाद से पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में सन्नाटा पसरा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सलेमपुर गांव के निवासी ओमवीर की 23 वर्षीय पुत्री ज्योति दोनों पैरों से दिव्यांग थी। शारीरिक अक्षमता के बावजूद वह घर के कामकाज में अपने परिवार का पूरा सहयोग करती थी। रविवार की रात ज्योति घर के बरामदे में सोई हुई थी। सोमवार सुबह करीब 4:30 बजे बरामदे के लेंटर का एक जर्जर हिस्सा अचानक भरभराकर सीधे ज्योति के ऊपर गिर गया, जिससे वह भारी मलबे के नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गई।

लेंटर गिरने की जोरदार आवाज सुनकर परिजन और आस-पास के ग्रामीण तुरंत मौके पर दौड़े। ग्रामीणों ने भारी मशक्कत के बाद मलबे को हटाकर ज्योति को बाहर निकाला और आनन-फानन में इलाज के लिए नागल अस्पताल ले गए। हालांकि, अस्पताल पहुंचते ही चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवती की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

प्रशासनिक और पुलिस टीम ने किया निरीक्षण
हादसे की सूचना मिलते ही तहसीलदार पुष्पांकर देव राजस्व टीम के साथ और नागल थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार भारी पुलिस बल के साथ सलेमपुर गांव पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और पीड़ित परिवार से मिलकर हादसे की जानकारी ली।

थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार ने बताया कि हादसा मकान की छत जर्जर होने के कारण हुआ है। पीड़ित परिजनों ने किसी भी तरह की कानूनी कार्रवाई करने अथवा शव का पोस्टमार्टम कराने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद पुलिस और राजस्व टीम ने आवश्यक विभागीय औपचारिकताएं पूरी करते हुए शव को परिजनों को सौंप दिया, जिसके बाद गमगीन माहौल में युवती का अंतिम संस्कार कर दिया गया।

Voice Of News 24

This error message is only visible to WordPress admins

Error: No feed found with the ID 1.

Go to the All Feeds page and select an ID from an existing feed.