बुलंदशहर: सिकंदराबाद में पुलिस मुठभेड़, पैर में गोली लगने से हिस्ट्रीशीटर बदमाश ‘कालू’ घायल, नगदी और चोरी का माल बरामद

सिकंदराबाद

बुलंदशहर जनपद की सिकंदराबाद थाना पुलिस और स्वात टीम की बीती रात (16/17 जून) चेकिंग के दौरान शातिर अपराधियों से मुठभेड़ हो गई।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

बुलंदशहर जनपद की सिकंदराबाद थाना पुलिस और स्वात टीम की बीती रात (16/17 जून) चेकिंग के दौरान शातिर अपराधियों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस द्वारा की गई आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग में पैर में गोली लगने से एक शातिर हिस्ट्रीशीटर बदमाश घायल हो गया, जिसे घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया है। पकड़ा गया अभियुक्त पिछले महीने हुई एक बड़ी चोरी की वारदात में वांछित चल रहा था।

पुलिस ने घायल बदमाश के पास से एक अवैध तमंचा, कारतूस, बिना नंबर की मोटरसाइकिल, चोरी के 25,000 रुपये नगद, लैपटॉप बैग, बेडशीट और एक चांदी का सिक्का बरामद किया है।

चेकिंग के दौरान रोकने पर पुलिस टीम पर झोंकी फायरिंग

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘तलाश वांछित/अपराधी अभियान’ के तहत सिकंदराबाद थाना पुलिस सन्तपुरा बम्बे की पुलिया के पास संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार संदिग्ध व्यक्ति आता हुआ दिखाई दिया। पुलिस टीम ने जब उसे रुकने का इशारा किया, तो वह बाइक मोड़कर नगला कालां की तरफ तेजी से भागने लगा।

पुलिस टीम ने बिना देर किए उसका पीछा किया, जिसके कारण कुछ ही दूरी पर बदमाश की बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। खुद को पुलिस से घिरा देख बदमाश ने बचने के लिए पुलिस टीम पर जान से मारने की नियत से सीधी फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई (क्रॉस फायरिंग) में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिससे वह वहीं ढेर हो गया और पुलिस ने उसे दबोच लिया।

शातिर हिस्ट्रीशीटर है विनोद उर्फ कालू

गिरफ्तार किए गए बदमाश की पहचान विनोद उर्फ कालिया उर्फ कालू पुत्र देवेन्द्र, निवासी ग्राम सिरोधन, थाना सिकंदराबाद (बुलंदशहर) के रूप में हुई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, वह क्षेत्र का एक शातिर किस्म का हिस्ट्रीशीटर अपराधी है, जिसके खिलाफ लूट, डकैती और चोरी जैसी गंभीर धाराओं में करीब 07 मुकदमे पहले से दर्ज हैं।

पूछताछ में पता चला है कि इस शातिर अपराधी ने बीती 12/13 मई 2026 की रात को सिकंदराबाद की SDM कॉलोनी स्थित एक बंद मकान का ताला तोड़कर बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया था। इस संबंध में थाने में मु0अ0सं0-461/26 धारा 305(ए)/331(4) बीएनएस के तहत मुकदमा पंजीकृत था, जिसमें पुलिस को काफी समय से इसकी तलाश थी।

बरामद सामान का विवरण

एनकाउंटर के बाद पुलिस ने मौके से

असलाह: 01 अवैध तमंचा (315 बोर), 02 जिंदा कारतूस और 01 खोखा कारतूस।

वाहन: 01 स्प्लेंडर बाइक (बिना नंबर प्लेट)।

चोरी का माल: 25,000 रुपये नगद, 01 चांदी का सिक्का, 01 लैपटॉप बैग और 01 बेडशीट। सामान बरामद किया है।

अस्पताल में भर्ती, कोर्ट में होगा पेश

गोली लगने से घायल हुए हिस्ट्रीशीटर विनोद उर्फ कालू को पुलिस अभिरक्षा में तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। थाना प्रभारी शैलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।

इस साहसिक व त्वरित कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी शैलेंद्र प्रताप सिंह के साथ उपनिरीक्षक मुनेशपाल सिंह, उपनिरीक्षक मोहित कुमार, हेड कांस्टेबल अश्वनी कुमार, हेड कांस्टेबल भूपेंद्र कडू और कांस्टेबल सुरेंद्र डागर मुख्य रूप से शामिल रहे।

 

 

Voice Of News 24 

This error message is only visible to WordPress admins

Error: No feed found with the ID 1.

Go to the All Feeds page and select an ID from an existing feed.