गजरौला
अमरोहा जनपद के गजरौला थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव शीशोवाली में मंगलवार रात एक बेहद हैरान और विचलित कर देने वाली घटना सामने आई है।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

अमरोहा जनपद के गजरौला थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव शीशोवाली में मंगलवार रात एक बेहद हैरान और विचलित कर देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ अवैध शराब खरीदने पहुँचे दो रिश्तेदारों (जीजा-साले) को ग्रामीणों की उग्र भीड़ ने न केवल बेरहमी से पीटा, बल्कि उनके हाथ बांधकर उन्हें पूरी रात यूकेलिप्टस के पेड़ से लटकाए रखा। बुधवार सुबह पुलिस ने मौके पर पहुँचकर दोनों को सकुशल नीचे उतारा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ितों की पहचान जनपद के गांव भुड्डेवाली निवासी दीपक और उसके जीजा डालू (निवासी गांव नया बांस) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों देर रात शीशोवाली गांव में अवैध शराब खरीदने गए थे। इसी दौरान वहाँ पहले से मौजूद कुछ नशेड़ी युवकों से उनकी किसी बात को लेकर तीखी नोकझोंक हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि 10 से 12 लोगों की भीड़ ने दोनों को दबोच लिया और लाठी-डंडों से पिटाई शुरू कर दी।
चोरी का आरोप लगा रात भर पेड़ से लटकाया
आरोप है कि बर्बरता की हदें पार करते हुए भीड़ ने दोनों पीड़ितों पर चोरी का झूठा आरोप मढ़ दिया और रात करीब 2:00 बजे दोनों के हाथ-पैर बांधकर उन्हें यूकेलिप्टस के पेड़ से लटका दिया। दोनों पीड़ित पूरी रात हवा में लटके दर्द से कराहते रहे और दबंग उन्हें बंधक बनाकर पहरा देते रहे। सुबह इस खौफनाक मंजर का वीडियो किसी ने इंटरनेट मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
ग्रामीणों का दावा: झटका मशीन चुराने आए थे युवक
वहीं दूसरी ओर, शीशोवाली गांव के कुछ लोगों का दावा बिल्कुल अलग है। उनका आरोप है कि दीपक और डालू रात के अंधेरे में खेतों में आवारा पशुओं को रोकने के लिए लगाई गई ‘झटका मशीन’ चोरी करने की नीयत से आए थे और रंगे हाथ पकड़े गए थे।
वीडियो के आधार पर आरोपियों की शिनाख्त में जुटी पुलिस
बुधवार सुबह करीब 9:30 बजे किसी ग्रामीण की गुप्त सूचना पर गजरौला थाना पुलिस भारी बल के साथ मौके पर पहुँची और दोनों युवकों को फंदे से मुक्त कराकर नीचे उतारा, जिससे उनकी जान में जान आई।
थाना प्रभारी मनोज कुमार ने मीडिया को बताया कि जीजा-साले दोनों को सकुशल बचा लिया गया है और उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उन्होंने साफ किया कि कानून हाथ में लेने का अधिकार किसी को नहीं है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो के आधार पर मारपीट और प्रताड़ित करने वाले आरोपियों की शिनाख्त की जा रही है, जल्द ही मुकदमा दर्ज कर सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
अमरोहा: गजरौला थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव शीशोवाली में मंगलवार रात एक बेहद हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ अवैध शराब खरीदने पहुँचे दो रिश्तेदारों (जीजा-साले) को ग्रामीणों की उग्र भीड़ ने उनके हाथ बांधकर उन्हें पूरी रात यूकेलिप्टस के पेड़ से लटकाए रखा। pic.twitter.com/wUxrnik3Dp
— Voice of News 24 (@VOfnews24) June 17, 2026













