बुलंदशहर
बुलंदशहर, 14 जून विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर भारत स्काउट्स एवं गाइड्स जनपद बुलंदशहर के तत्वावधान में और नीलम चैरिटेबल ब्लड सेंटर के सहयोग से आज एक विशाल रक्तदान शिविर एवं रक्तदान सेवक अभियान का सफल आयोजन किया गया। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

बुलंदशहर, 14 जून विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर भारत स्काउट्स एवं गाइड्स जनपद बुलंदशहर के तत्वावधान में और नीलम चैरिटेबल ब्लड सेंटर के सहयोग से आज एक विशाल रक्तदान शिविर एवं रक्तदान सेवक अभियान का सफल आयोजन किया गया। इस पुनीत कार्य का मुख्य उद्देश्य युवाओं में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना और मानव सेवा में उनकी सहभागिता सुनिश्चित करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला मुख्य आयुक्त (गाइड) डॉ. नरेश कुमार शर्मा और नीलम चैरिटेबल ब्लड सेंटर के संचालक मनोज तिवारी के गरिमामय स्वागत के साथ हुआ। जिला संगठन आयुक्त (स्काउट) पवन कुमार राठी ने ऊर्जावान शैली में कार्यक्रम का सफल संचालन करते हुए उपस्थित युवाओं को समाज सेवा के इस महान कार्य से जुड़ने की प्रेरणा दी।
रक्तदान प्रक्रिया से पूर्व लैब टेक्नीशियन सोनू कुमार के सहयोग से रोवर और रेंजर्स का स्वास्थ्य व हीमोग्लोबिन परीक्षण किया गया। इसके बाद समाज में प्रेरणादायक उदाहरण पेश करते हुए सर्वप्रथम यूनिट लीडर रमेश कुमार, राजेश कुमार, जिला आयुक्त (स्काउट) मनोज कुमार और जिला सचिव मुनीष कुमार ने रक्तदान किया।
इसके पश्चात रोवर विशाल सैनी, गुलशन कुमार, जयवीर सिंह, नीतीश कुमार और रेंजर एकता सैनी ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। वहीं यूनिट लीडर राजेश कुमार की पत्नी सावित्री देवी ने भी प्रेरित होकर रक्तदान करते हुए महिला सहभागिता का उत्कृष्ट संदेश दिया। डी.ए.वी. पी.जी. कॉलेज के रोवर प्रीत सैनी एवं ओम चौधरी ने भी शिविर में अपना रक्त समूह और हीमोग्लोबिन परीक्षण कराया।
इस मौके पर जिला पदाधिकारियों ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि रक्तदान केवल जीवन बचाने का माध्यम नहीं, बल्कि मानवता की सर्वोच्च सेवा का प्रतीक है। शिविर के समापन पर नीलम चैरिटेबल ब्लड सेंटर की ओर से सभी रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र, रिफ्रेशमेंट और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।













