बुलंदशहर: सोलर स्ट्रीट लाइट के खंभे में उतरे करंट ने ली 15 वर्षीय छात्र की जान, बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप

ककोड़ 

बुलंदशहर जनपद के थाना ककोड़ क्षेत्र अंतर्गत ग्राम वैर में गुरुवार की दोपहर एक बेहद दर्दनाक और रोंगटे खड़े कर देने वाला हादसा सामने आया है।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

बुलंदशहर जनपद के थाना ककोड़ क्षेत्र अंतर्गत ग्राम वैर में गुरुवार की दोपहर एक बेहद दर्दनाक और रोंगटे खड़े कर देने वाला हादसा सामने आया है। यहाँ सड़क किनारे लगे एक सोलर स्ट्रीट लाइट के लोहे के खंभे में अचानक उतरे हाई-वोल्टेज करंट की चपेट में आने से 15 वर्षीय एक छात्र की तड़प-तड़प कर मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे की गंभीरता को देखते हुए कई थानों की पुलिस फोर्स और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला।

जानकारी के अनुसार तौसीफ कक्षा आठ का छात्र था और गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे साइकिल से सामान लेकर घर लौट रहा था। इसी दौरान उसकी साइकिल सड़क किनारे लगे सोलर स्ट्रीट लाइट के खंभे से टकरा गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक खंभे में करंट उतर रहा था। खंभे के संपर्क में आते ही तौसीफ करंट की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों और परिजनों ने तत्काल उसे वैर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसे सिकंदराबाद के एक निजी अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। हालांकि अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। छात्र की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

तौसीफ पांच भाई-बहनों में शामिल था, जिनमें दो बहनें हैं। उसकी मां का पहले ही निधन हो चुका है। परिजनों के अनुसार तौसीफ पढ़ाई में अच्छा और व्यवहार कुशल था। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

घटना की सूचना मिलते ही थाना ककोड़ के क्राइम इंस्पेक्टर हेम सिंह, थाना सिकंदराबाद के इंस्पेक्टर शैलेंद्र प्रताप सिंह, थाना चोला के इंस्पेक्टर बलराम सिंह सेंगर तथा थाना जहांगीरपुर के प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने ग्रामीणों से घटना की जानकारी लेकर जांच शुरू कर दी।

वहीं बिजली विभाग के जूनियर इंजीनियर (जेई) भी टीम सहित मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि जिस खंभे में करंट उतरा था वह बिजली विभाग का नहीं, बल्कि सोलर स्ट्रीट लाइट का खंभा था। ककोड़ विद्युत उपखंड के एसडीओ तेजपाल सिंह ने बताया कि खंभे के समीप से गुजर रही बिजली की सर्विस केबल संपर्क में आने के कारण खंभे में करंट प्रवाहित हो गया, जिससे यह हादसा हुआ।

दूसरी ओर मृतक के पिता शहजाद मलिक ने क्षेत्र में लटक रहे जर्जर एवं असुरक्षित बिजली तारों और केबलों को हादसे का कारण बताते हुए विभागीय लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि इस संबंध में पहले भी शिकायतें की गई थीं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं किया गया। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तथा पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।

हादसे की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम सिकंदराबाद के निर्देश पर नायब तहसीलदार हेमंत चौधरी और लेखपाल जितेश शर्मा भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाते हुए प्रशासन की ओर से हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते विद्युत लाइनों और सार्वजनिक स्थलों पर लगे खंभों का निरीक्षण एवं रखरखाव किया जाता तो यह हादसा टाला जा सकता था। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है और लोग जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

यह हादसा एक बार फिर सार्वजनिक स्थलों पर स्थापित विद्युत एवं सोलर उपकरणों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से क्षेत्र में लगे सभी सोलर स्ट्रीट लाइट खंभों और विद्युत लाइनों की जांच कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।

Voice Of News 24

This error message is only visible to WordPress admins

Error 403: The request cannot be completed because you have exceeded your quota..

Domain code: youtube.quota
Reason code: quotaExceeded

Error: No feed found with the ID 1.

Go to the All Feeds page and select an ID from an existing feed.