महराजगंज
उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ योगी सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति का बड़ा असर देखने को मिला है।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ योगी सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति का बड़ा असर देखने को मिला है। गोरखपुर की एंटी करप्शन टीम ने मंगलवार दोपहर एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक शाखा महराजगंज के दो कर्मचारियों को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों दबोच लिया। इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से जिले के सरकारी महकमों और भ्रष्ट अधिकारियों में हड़कंप मच गया है।
लोन की दूसरी किस्त पास कराने के एवज में मांगी थी घूस
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक पीड़ित शिकायतकर्ता ने एंटी करप्शन ब्यूरो को शिकायत दी थी कि उसके पिता के नाम पर स्वीकृत हुए ऋण (लोन) की दूसरी किस्त बैंक से जारी होनी थी। लेकिन उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक के कर्मचारी इस फाइल को आगे बढ़ाने के नाम पर लगातार चक्कर कटवा रहे थे और किस्त जारी करने के एवज में 20 हजार रुपये की घूस मांग रहे थे।
शिकायत की सत्यता जांचने के बाद एंटी करप्शन टीम ने भ्रष्टाचार के इन खिलाड़ियों को दबोचने के लिए एक पुख्ता जाल बिछाया।
ठेकी चौराहे के पास जाल बिछाकर दबोचे गए घूसखोर
मंगलवार दोपहर करीब 12:45 बजे, जैसे ही शिकायतकर्ता ने भ्रष्टाचार के आरोपियों को केमिकल लगे नोटों की गड्डी सौंपी, वैसे ही आसपास सादे कपड़ों में मुस्तैद एंटी करप्शन की ट्रैप टीम ने धावा बोल दिया। टीम ने नगर पंचायत चौक स्थित ठेकी चौराहा के पास एक दुकान से दोनों आरोपियों को रिश्वत की रकम के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों के नाम व पद: हरिराम प्रसाद – सम्मति सहायक फील्ड ऑफिसर (उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक, महराजगंज),जय ओम – सम्मति डीड राइटर/चपरासी (अवैतनिक, शाखा महराजगंज)
कोतवाली चौक में मुकदमा दर्ज, जेल भेजने की तैयारी
गिरफ्तारी के बाद एंटी करप्शन की टीम दोनों आरोपियों को लेकर तत्काल स्थानीय थाने पहुंची। टीम ने नोटों की बरामदगी और हाथ धुलवाने के बाद लाल हुए पानी जैसे तमाम वैज्ञानिक व आवश्यक साक्ष्यों को सील कर दिया है।
एंटी करप्शन टीम व पुलिस का बयान
पीड़ित की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों बैंक कर्मियों को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना कोतवाली चौक में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा पंजीकृत कराया जा रहा है। आगे की विधिक कानूनी कार्रवाई पूरी कर आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।
इस बड़ी कार्रवाई के बाद महराजगंज के अन्य सरकारी कार्यालयों में सन्नाटा पसरा हुआ है। एंटी करप्शन विभाग ने साफ किया है कि जनता का उत्पीड़न करने वाले और रिश्वतखोरी में लिप्त किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसी औचक कार्रवाइयां आगे भी जारी रहेंगी।
#बुलंदशहर : काकोड़ में चोरी के मामले में दबिश देने गए साहब को व्यापारियों ने घेरा, तो साहब ने तान दिया पिस्टल pic.twitter.com/syTRp33Cbd
— Voice of News 24 (@VOfnews24) June 2, 2026























