नरौरा/डिबाई
बुलंदशहर जनपद के डिबाई थाना क्षेत्र के ग्राम गंगापुर निवासी एक प्रेमी युगल के शव नरौरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत पिलखना गांव की सीमा में नहर बंबा के पास एक पेड़ से लटके हुए मिले।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

बुलंदशहर जनपद के डिबाई थाना क्षेत्र के ग्राम गंगापुर निवासी एक प्रेमी युगल के शव नरौरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत पिलखना गांव की सीमा में नहर बंबा के पास एक पेड़ से लटके हुए मिले। दोनों बीते 27 मई से अपने घरों से अचानक लापता थे। दोहरे शव मिलने की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया।
27 मई से लापता थे दोनों, डिबाई थाने में दर्ज था अपहरण का केस
मृतकों की शिनाख्त गंगापुर गांव निवासी गगन लोधी (21 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय वीर सिंह और नंदनी कुमारी (14 वर्ष) पुत्री रोहित कुमार के रूप में हुई है। ये दोनों 27 मई 2026 से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता थे। घटनाक्रम को लेकर मृतका नंदनी के भाई कपिल कुमार ने डिबाई थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि गगन उसकी नाबालिग बहन को बहला-फुसलाकर भगा ले गया है। इस तहरीर के आधार पर डिबाई पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं के तहत अपहरण का मुकदमा दर्ज किया था, जिसकी जांच उपनिरीक्षक चंद्रपाल सिंह कर रहे थे।
जंगल में पेड़ से लटके मिले शव, मौके से बरामद हुई बाइक व बैग
गुरुवार को नरौरा थाना पुलिस को स्थानीय ग्रामीणों के माध्यम से सूचना मिली कि पिलखना गांव की सीमा में नहर बंबा के पास एक सुनसान स्थान पर पेड़ से दो शव लटके हुए हैं। इस संवेदनशील मामले की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया।
मौके पर क्षेत्राधिकारी मधुप कुमार सिंह, नरौरा थाना प्रभारी भुनेश कुमार, डिबाई कोतवाली प्रभारी विशाल प्रताप सिंह चौहान, रामघाट चौकी प्रभारी देवेंद्र शुक्ला और राजघाट चौकी प्रभारी उमाशंकर भारद्वाज भारी पुलिस फोर्स के साथ पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। इसके साथ ही क्षेत्रीय विधायक चंद्रपाल सिंह लोधी ने भी मौके पर पहुंचकर अधिकारियों से घटना की पूरी जानकारी ली।
फॉरेंसिक टीम ने की जांच; पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
मामले की गंभीरता को देखते हुए बुलंदशहर मुख्यालय से फॉरेंसिक व फील्ड यूनिट की टीम को मौके पर बुलाया गया। फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स ने घटनास्थल से उंगलियों के निशान और अन्य महत्वपूर्ण वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए।
पुलिस को घटनास्थल और शवों के पास से एक अपाचे मोटरसाइकिल, कपड़ों से ठसा हुआ एक बैग, पहचान पत्र (आधार कार्ड) और कुछ नकदी बरामद हुई है।
विधिक कार्रवाई जारी: एसपी देहात
मामले की जानकारी देते हुए एसपी ग्रामीण अंतरिक्ष जैन ने बताया कि पुलिस ने दोनों शवों को पंचनामा भरकर अपने कब्जे में ले लिया है और मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया है। नरौरा थाना पुलिस द्वारा इस पूरे प्रकरण में हर पहलू को ध्यान में रखकर आवश्यक वैधानिक व कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
ब्यूरोक्रेसी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 9 वरिष्ठ पीसीएस (PCS) अधिकारियों के तबादले pic.twitter.com/asztCxsxnf
— Voice of News 24 (@VOfnews24) May 29, 2026













