बुलंदशहर में जर्जर ट्रांसफार्मर और खंभों को लेकर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, बिजली विभाग के खिलाफ किया प्रदर्शन

बुलंदशहर

बुलंदशहर उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जनपद के थाना छतारी क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम गंगावास में बिजली विभाग की घोर लापरवाही के खिलाफ स्थानीय ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

बुलंदशहर उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जनपद के थाना छतारी क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम गंगावास में बिजली विभाग की घोर लापरवाही के खिलाफ स्थानीय ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। गांव के मुख्य मार्ग पर लंबे समय से एक बिजली का ट्रांसफार्मर बेहद खतरनाक स्थिति में झुका हुआ है, जिससे कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। विभाग के उदासीन रवैये से नाराज ग्रामीणों ने एकत्र होकर बिजली विभाग और स्थानीय लाइनमैन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया।

ग्रामीणों का गंभीर आरोप है कि झुके हुए ट्रांसफार्मर के साथ-साथ गांव के कई अन्य हिस्सों में भी बिजली के खंभे पूरी तरह जर्जर हो चुके हैं, जो जर्जर हालत में खड़े हैं और कभी भी धराशायी हो सकते हैं। खासकर तेज आंधी-तूफान के दौरान ग्रामीणों में किसी बड़ी अनहोनी की आशंका बनी रहती है।

कई बार शिकायत के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई

प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने इस जानलेवा समस्या को लेकर गांव में तैनात लाइनमैन से लेकर बिजली विभाग के उच्चाधिकारियों तक को कई बार लिखित और मौखिक रूप से सूचित किया है। इसके बावजूद उनकी शिकायतों को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया। ग्रामीणों ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसा लगता है जैसे विभाग किसी बड़े हादसे के होने का इंतजार कर रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही जर्जर खंभों और ट्रांसफार्मर को नहीं बदला गया, तो वे उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

जेई ने दिया जल्द समाधान का आश्वासन

इस विरोध प्रदर्शन के दौरान ग्राम प्रधान हरिसिंह, रेबती, रोहन सिंह, ओमप्रकाश, दलबीर सिंह, चंद्रपाल, मुकेश, भीकम्बर, सुरेंद्र, सैनू, घनेन्द्र, सुधीर और हेम सिंह सहित भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे, जिन्होंने जिला प्रशासन से मामले का तत्काल संज्ञान लेने की मांग की है। वहीं, दूसरी ओर जब इस मामले को लेकर बिजली विभाग छतारी के अवर अभियंता (जेई) निखिल कुमार से बात की गई, तो उन्होंने बताया कि यह प्रकरण उनके संज्ञान में है और जल्द ही टीम भेजकर समस्या का स्थाई समाधान करा दिया जाएगा।

 

Voice Of News 24

This error message is only visible to WordPress admins

Error: No feed found with the ID 1.

Go to the All Feeds page and select an ID from an existing feed.