डिबाई
बुलंदशहर जनपद के डिबाई नेशनल हाईवे पर रविवार दोपहर एक तेज रफ्तार ट्रक का कहर देखने को मिला।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

बुलंदशहर जनपद के डिबाई नेशनल हाईवे पर रविवार दोपहर एक तेज रफ्तार ट्रक का कहर देखने को मिला। कुबेर इंटर कॉलेज मार्केट के सामने हुए इस भीषण सड़क हादसे में एक 24 वर्षीय विवाहिता की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका भाई और चार वर्षीय भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गए।
नाना की 13वीं में जा रहा था परिवार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकारपुर तहसील के गांव कुतुबपुर निवासी अमित अपनी बहन चांदनी (24 वर्ष) और चार वर्षीय भतीजे मयंक के साथ स्कूटी से पिलखना गांव जा रहे थे। वे अपने नाना के 13वीं संस्कार में शामिल होने जा रहे थे। जैसे ही उनकी स्कूटी डिबाई नेशनल हाईवे पर कुबेर इंटर कॉलेज मार्केट के पास पहुंची, पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
एक साल पहले ही हुई थी चांदनी की शादी
हादसा इतना भयानक था कि चांदनी की मौके पर ही सांसें थम गईं। घायल अमित ने बताया कि उसकी बहन की शादी अभी करीब एक साल पहले ही शिकारपुर के गांव बसोई में हुई थी। बहन की असमय मौत से परिवार की खुशियां मातम में बदल गई हैं और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मासूम की हालत गंभीर, हायर सेंटर रेफर
टक्कर लगने के बाद मयंक और अमित सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत एम्बुलेंस बुलाकर दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डिबाई पहुँचाया। प्राथमिक उपचार के बाद, मासूम मयंक की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बुलंदशहर हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया है।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विशाल प्रताप सिंह चौहान पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुँचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना करने वाले वाहन की तलाश की जा रही है और परिजनों से प्राप्त तहरीर व पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
बुलंदशहर: जिम में बर्थ-डे पार्टी के दौरान ‘केक’ को लेकर खूनी तांडव, ताबड़तोड़ फायरिंग में एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्याhttps://t.co/h3nyh2jPUN
— Voice of News 24 (@VOfnews24) April 26, 2026























