यूपी में गर्मी का रौद्र रूप 25 जिलों में हीटवेव का अलर्ट, बांदा-झांसी में पारा 45°C के पार

लखनऊ

उत्तर प्रदेश में अप्रैल के महीने में ही जेठ जैसी तपिश ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है। सूरज की तल्खी और पछुआ हवाओं के चलते पूरा प्रदेश भट्टी की तरह दहक रहा है।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

उत्तर प्रदेश में अप्रैल के महीने में ही जेठ जैसी तपिश ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है। सूरज की तल्खी और पछुआ हवाओं के चलते पूरा प्रदेश भट्टी की तरह दहक रहा है। मौसम विभाग ने राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश के करीब 25 जिलों में भीषण लू का अलर्ट जारी किया है। स्थिति यह है कि अब दिन के साथ-साथ रातें भी झुलसाने लगी हैं।

लखनऊ का रिकॉर्ड: राजधानी में सोमवार को अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आज भी यहां आसमान से आग बरसने और तेज लू चलने के आसार हैं।

बुंदेलखंड में आग बांदा और झांसी जिले प्रदेश में सबसे गर्म रहे, जहां पारा 45 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुँच गया है।

अन्य जिलों का हाल प्रयागराज, आगरा और वाराणसी में भी तापमान 40 डिग्री के पार बना हुआ है, जिससे सड़कों पर दोपहर में सन्नाटा पसरने लगा है।

इन जिलों में लू का अलर्ट

मौसम विभाग ने आगामी 48 घंटों के लिए मध्य और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में चेतावनी जारी की है:

भीषण लू: प्रयागराज, प्रतापगढ़, और चित्रकूट।

हीटवेव का प्रभाव: लखनऊ, आगरा, वाराणसी, मैनपुरी और इटावा।

वॉर्म नाइट (गर्म रात) की चेतावनी

गर्मी का असर केवल दिन तक सीमित नहीं है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों में वॉर्म नाइट यानी गर्म रातों का अलर्ट जारी किया गया है। न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक होने के कारण लोगों को रात में भी चैन नहीं मिल रहा है।

प्रभावित क्षेत्र में सहारनपुर, शामली, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद और नोएडा।इन जिलों में रात के समय गर्म हवाएं चलने और उमस बढ़ने की संभावना है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, फिलहाल अगले कुछ दिनों तक गर्मी से राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है। पछुआ हवाओं के चलते तापमान में और भी वृद्धि हो सकती है। प्रशासन ने लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक अनावश्यक बाहर न निकलने और पर्याप्त मात्रा में तरल पदार्थों का सेवन करने की सलाह दी है।

 


Voice Of News 24