घुघली
महराजगंज जनपद के थाना घुघली क्षेत्र अंतर्गत जखीरा बाजार में सोमवार की सुबह एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

महराजगंज जनपद के थाना घुघली क्षेत्र अंतर्गत जखीरा बाजार में सोमवार की सुबह एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ महज मामूली कहासुनी के बाद एक 16 वर्षीय किशोर ने अपने ही सगे छोटे भाई की कैंची से गोदकर हत्या कर दी। इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है और परिवार में मातम पसरा है।
जखीरा बाजार में हुआ खूनी संघर्ष
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम चौमुखा नौका टोला निवासी सूरज शर्मा (16 वर्ष) पुत्र उपेंद्र शर्मा और उसके छोटे भाई लक्ष्मण शर्मा (15 वर्ष) के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि सूरज ने आपा खो दिया और जखीरा बाजार में ही लक्ष्मण पर कैंची से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमलावर ने लक्ष्मण के सिर और हाथ पर कई बार वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से लहूलुहान हो गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने घोषित किया मृत
पुलिस को घटना की सूचना सुबह करीब 10:35 बजे मिली। सूचना मिलते ही पुलिस फोर्स तत्काल मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घुघली भेजा।
अस्पताल में लक्ष्मण की हालत बिगड़ती देख डॉक्टरों ने उसे तत्काल जिला अस्पताल महराजगंज के लिए रेफर कर दिया।
जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद लक्ष्मण को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस की कार्रवाई और सुरक्षा
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी हाउस भेज दिया है। इस संबंध में थाना पुलिस का कहना है। प्रकरण में फिलहाल परिजनों की ओर से कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलते ही मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद गांव और बाजार में तनाव को देखते हुए पुलिस मुस्तैद है। फिलहाल मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।
हंसता-खेलता परिवार तबाह
इस घटना ने एक बार फिर समाज में बढ़ते आक्रोश और धैर्य की कमी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। महज 15-16 साल के दो भाइयों के बीच हुए इस विवाद ने एक की जान ले ली और दूसरे का भविष्य अंधकार में डाल दिया है। गांव के लोग इस घटना से स्तब्ध हैं।
यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: योगी सरकार ने देर रात 40 IAS अफसरों के किए तबादले, 15 जिलों के बदले गए DMhttps://t.co/gsRqvPveDc
— Voice of News 24 (@VOfnews24) April 20, 2026























