दानपुर (बुलंदशहर)
बुलंदशहर जनपद के दानपुर ब्लॉक में महिलाओं की आत्मनिर्भरता, शिक्षा एवं उनके अधिकारों के दृष्टिगत एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र की महिलाओं ने चढ़-बढ़ कर भाग लिया। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

बुलंदशहर जनपद के दानपुर ब्लॉक में शनिवार को नारी शक्ति को समर्पित एक भव्य जनसभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र की महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और समाज में अपनी भूमिका को और मजबूत करने का संकल्प लिया। सभा का उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों, शिक्षा, आत्मनिर्भरता और सामाजिक भागीदारी के प्रति जागरूक करना था। इस खास कार्यक्रम का संचालन प्रमोद मीणा ने किया।

इस अवसर पर दानपुर ब्लॉक प्रमुख आनंद लोधी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि महिलाएं समाज की रीढ़ होती हैं और उनके सशक्तिकरण के बिना विकास की कल्पना अधूरी है। उन्होंने सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न महिला कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए महिलाओं से इनका अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
कार्यक्रम में नरौरा से आईं सीमा चौधरी ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने महिलाओं को शिक्षा और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया और कहा कि आज की नारी हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना रहीं हैं।

जनसभा में क्षेत्र के समस्त ग्राम प्रधानों ने भी भाग लिया और महिला सशक्तिकरण के लिए हर संभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम के अंत में महिलाओं ने एकजुट होकर समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का संकल्प लिया।
इस आयोजन ने क्षेत्र में नारी शक्ति के महत्व को उजागर करते हुए एक नई जागरूकता का संदेश दिया, जो आज के दौर में महिलाओं के लिए एक सकारात्मक कदम है।
Voice Of News 24























