IPL 2026: कोलकाता में बारिश का विलेन अवतार, KKR और पंजाब किंग्स के बीच मुकाबला बेनतीजा

स्पोर्ट्स डेस्क

आईपीएल 2026 के मौजूदा सीजन में सोमवार को पहली बार इंद्रदेव ने खलल डाला।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ न्यूज़ 24 की ख़ास रिपोर्ट।

आईपीएल 2026 के मौजूदा सीजन में सोमवार को पहली बार इंद्रदेव ने खलल डाला। कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स स्टेडियम में कोलकाता नाइट राइडर्स और पंजाब किंग्स के बीच खेला जाने वाला मुकाबला भारी बारिश के कारण रद्द करना पड़ा। दोनों टीमों को अंक बांटने पर मजबूर होना पड़ा।

सोमवार शाम कोलकाता के आसमान में काले बादल छाए हुए थे, लेकिन मैच समय पर शुरू हुआ। होम टीम KKR ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का साहसिक फैसला लिया। हालांकि, मैच की शुरुआत मेजबान टीम के लिए अच्छी नहीं रही और शुरुआती ओवरों में ही टीम ने अपने सलामी बल्लेबाजों के विकेट खो दिए।

पंजाब किंग्स के गेंदबाज जेवियर बार्टलेट ने अपनी स्विंग से KKR के शीर्ष क्रम को झकझोर कर रख दिया। दूसरे ही ओवर में बार्टलेट ने कैमरन ग्रीन (4 रन) और फिन एलन (6 रन) को पवेलियन भेजकर ईडन गार्डन्स में सन्नाटा पसरा दिया।

जब KKR का स्कोर 3.4 ओवर में 25 रन पर 2 विकेट था, तभी शाम 7:46 बजे रुक-रुक कर हो रही हल्की बारिश तेज हो गई। अंपायरों को खेल रोकना पड़ा। उस समय कप्तान अजिंक्य रहाणे (8 रन) और युवा बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी (7 रन) क्रीज पर नाबाद थे।

मैदान कर्मियों ने पिच को कवर से ढंकने की पूरी कोशिश की, लेकिन लगातार होती बारिश के कारण आउटफील्ड काफी गीली हो गई। काफी देर इंतजार करने के बाद अंपायरों ने रात में मैच को बेनतीजा (Washout) घोषित कर दिया। आईपीएल 2026 के इस सीजन में यह पहला मैच है जो बारिश की भेंट चढ़ा है।

 

 

Voice Of News 24