मिसाल: बड़ौत पुलिस ने पेश की एकजुटता की नजीर, गैस किल्लत में घरों से सिलेंडर लाकर चालू की मैस

बागपत

बागपत देशभर में जारी गैस आपूर्ति की समस्या के बीच बड़ौत कोतवाली के पुलिसकर्मियों ने संकट के समय आपसी सहयोग और भाईचारे की एक अनूठी मिसाल पेश की है।पूरी जानकारी के पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

बागपत देशभर में जारी गैस आपूर्ति की समस्या के बीच बड़ौत कोतवाली के पुलिसकर्मियों ने संकट के समय आपसी सहयोग और भाईचारे की एक अनूठी मिसाल पेश की है। जब गैस की कमी के कारण कोतवाली की मैस (रसोई) बंद होने की कगार पर पहुँच गई, तो पुलिसकर्मियों ने सामूहिक निर्णय लेकर अपनी समस्या का समाधान खुद ही निकाल लिया।

150 पुलिसकर्मियों के सामने खड़ा हुआ था संकट

गैस सिलेंडर की किल्लत का असर बड़ौत कोतवाली की मैस पर भी पड़ा, जिससे यहाँ तैनात लगभग 150 पुलिसकर्मियों के सामने भोजन का संकट खड़ा हो गया। मैस बंद होने के कारण जवानों को बाहर से खाना मंगवाने या भूखे पेट ड्यूटी करने को मजबूर होना पड़ रहा था। ड्यूटी की व्यस्तता के बीच यह स्थिति काफी चुनौतीपूर्ण बन गई थी।

निजी सिलेंडरों से जलने लगा मैस का चूल्हा

इस समस्या से निपटने के लिए कोतवाली के जवानों ने एक सराहनीय पहल की। तय किया गया कि जब तक सरकारी आपूर्ति सामान्य नहीं होती, तब तक पुलिसकर्मी बारी-बारी से अपने घरों से निजी गैस सिलेंडर लाकर मैस में लगाएंगे। इस सामूहिक निर्णय के बाद बंद पड़ी रसोई फिर से सुचारु रूप से चलने लगी और सभी जवानों को समय पर गर्म भोजन मिलना शुरू हो गया।

अधिकारियों ने की सराहना

कोतवाली के क्राइम इंस्पेक्टर वीरेंद्र सिंह ने पुलिसकर्मियों की इस एकजुटता की प्रशंसा करते हुए कहा कि गैस किल्लत से हर वर्ग प्रभावित है, लेकिन ऐसे समय में जवानों का आपसी तालमेल और कर्तव्यनिष्ठा का भाव काबिले तारीफ है। उन्होंने कहा कि एकता और भाईचारे से बड़े से बड़े संकट को दूर किया जा सकता है।

सीमित संसाधनों के बावजूद बड़ौत पुलिस द्वारा दिखाया गया यह आपसी सहयोग आज चर्चा का विषय बना हुआ है, जो यह दर्शाता है कि वर्दी के पीछे भी एक मजबूत और संवेदनशील परिवार बसता है।

 

Voice Of News 24