बलरामपुर: शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, चैत्र नवरात्रि की सप्तमी पर की विशेष पूजा-अर्चना

तुलसीपुर

बलरामपुर जनपद में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज बुधवार को चैत्र नवरात्रि के पावन पर्व पर जनपद के प्रसिद्ध शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर पहुंचे।पूरी जानकारी के पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

बलरामपुर जनपद में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज बुधवार को चैत्र नवरात्रि के पावन पर्व पर जनपद के प्रसिद्ध शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने सप्तमी के अवसर पर माँ पाटेश्वरी के चरणों में शीश नवाया और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख, समृद्धि और शांति की कामना की।

मंदिर पहुंचने पर स्थानीय प्रशासन और मंदिर प्रबंधन ने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। गर्भगृह में पूजन के पश्चात मुख्यमंत्री ने पीर रतननाथ जी के दलीचे पर भी दर्शन किए और गहरी श्रद्धा व्यक्त की। इसके बाद उन्होंने मंदिर परिसर स्थित आवास में आयोजित धार्मिक अनुष्ठान में भी हिस्सा लिया।

मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम किए गए थे। दर्शन के दौरान कुछ समय के लिए आम श्रद्धालुओं का प्रवेश रोका गया, लेकिन मुख्यमंत्री के प्रस्थान के तुरंत बाद व्यवस्थाएं सामान्य कर दी गईं ताकि दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं को असुविधा न हो। पूरे मंदिर परिसर में चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहा।

इस महत्वपूर्ण दौरे के दौरान एडीजी गोरखपुर जोन, मंडलायुक्त, जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री के प्रवास के दौरान सुरक्षा और मंदिर की व्यवस्थाओं का निरंतर जायजा लिया।

मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर पूरे तुलसीपुर क्षेत्र में भारी उत्साह देखा गया। शक्तिपीठ में कुछ समय व्यतीत करने और पूजा-अर्चना के पश्चात मुख्यमंत्री अपने अगले गंतव्य के लिए रवाना हो गए।

Voice Of News 24