सिद्धार्थनगर: डुमरियागंज में नीम के पेड़ से निकल रहा ‘सफेद दूध’, चमत्कार मानकर उमड़ रही भारी भीड़

सिद्धार्थनगर

सिद्धार्थनगर जनपद के डुमरियागंज विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम परसा जमाल के सिवान में इन दिनों एक नीम का पेड़ कौतूहल और आस्था का केंद्र बना हुआ है। पूरी जानकारी के पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।


सिद्धार्थनगर जनपद के डुमरियागंज विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम परसा जमाल के सिवान में इन दिनों एक नीम का पेड़ कौतूहल और आस्था का केंद्र बना हुआ है। पिछले 20 दिनों से इस पेड़ से लगातार सफेद रंग का गाढ़ा द्रव निकल रहा है, जिसे स्थानीय ग्रामीण ‘कुदरती चमत्कार’ और ‘दूध’ मानकर देखने के लिए दूर-दूर से पहुँच रहे हैं।

आस्था और विज्ञान के बीच चर्चा का विषय

सोमवार को भी इस अद्भुत नजारे को देखने के लिए ग्रामीणों की भारी भीड़ जुटी रही। जहाँ एक ओर श्रद्धालु इसे दैवीय शक्ति और आस्था से जोड़कर देख रहे हैं, वहीं दूसरी ओर कुछ जागरूक लोग इसे एक दुर्लभ प्राकृतिक घटना मान रहे हैं। मौके पर पहुँचने वाले लोग इस दृश्य को अपने मोबाइल कैमरों में कैद करने के साथ-साथ सोशल मीडिया पर भी साझा कर रहे हैं।

क्या कहते हैं विशेषज्ञ?

वनस्पति विशेषज्ञों और वैज्ञानिकों के अनुसार, अक्सर पेड़ों में फंगल इन्फेक्शन (कवक संक्रमण) या आंतरिक गैसों के दबाव के कारण तने से तरल पदार्थ रिसने लगता है, जो देखने में दूध जैसा प्रतीत होता है। हालांकि, परसा जमाल के इस पेड़ से निकल रहे द्रव की वास्तविकता क्या है, यह वन विभाग या कृषि वैज्ञानिकों की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

फिलहाल, यह मामला पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। ग्रामीणों की मांग है कि प्रशासन या वन विभाग की टीम इस रहस्य की वैज्ञानिक जांच करे ताकि यह साफ हो सके कि यह वास्तव में कोई प्राकृतिक प्रक्रिया है या महज एक संयोग।

 

Voice Of News 24