सिद्धार्थनगर: एंटी थेफ़्ट टीम और जोगिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चोरी की दो घटनाओं का खुलासा कर दो शातिर चोर गिरफ्तार

सिद्धार्थनगर

सिद्धार्थनगर जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के आदेशानुसार, एंटी थेफ़्ट टीम और थाना जोगिया उदयपुर की संयुक्त पुलिस टीम ने चोरी की दो वारदातों का सफल अनावरण किया है। पूरी जानकारी के पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।


सिद्धार्थनगर जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के आदेशानुसार, एंटी थेफ़्ट टीम और थाना जोगिया उदयपुर की संयुक्त पुलिस टीम ने चोरी की दो वारदातों का सफल अनावरण किया है। पुलिस ने घेराबंदी कर दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से नकद धनराशि और चोरी के उपकरण बरामद हुए हैं।

मुखबिर की सूचना पर हुई गिरफ्तारी

अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार और क्षेत्राधिकारी बाँसी सुबेन्दू सिंह के निर्देशन में थानाध्यक्ष जोगिया उदयपुर अभय सिंह और एंटी थेफ़्ट टीम के प्रभारी ओ.पी. मिश्र क्षेत्र में गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि करौदा मसिना के फोटो स्टूडियो और बाँसी कस्बे में हुई चोरी में संलिप्त अपराधी गोनहा रोड पर कठही गांव के पास किसी नई घटना को अंजाम देने की फिराक में खड़े हैं। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुँचकर घेराबंदी की और भागने का प्रयास कर रहे दोनों अभियुक्तों को दबोच लिया।

अभियुक्तों का विवरण और बरामदगी

पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान आकाश विश्वकर्मा उर्फ लाला (निवासी छितौनी, शिवनगर डिडई) और श्यामसुन्दर मौर्या (निवासी मुडार खुर्द, बाँसी) के रूप में हुई है। इनके पास से पुलिस ने:

₹13,080/- नकद

एक एंड्राइड मोबाइल

एक अवैध चाकू

चोरी में प्रयुक्त उपकरण (पेचकस और दो लोहे की खन्ती) बरामद किए हैं।

पूछताछ में हुआ चौंकाने वाला खुलासा

अभियुक्तों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उन्होंने 23/24 फरवरी की रात बाँसी कस्बे के राप्ती नगर में एक किराने की दुकान का शटर तोड़कर चांदी के सिक्के, मोबाइल और साक्ष्य मिटाने के लिए सीसीटीवी का DVR चोरी किया था। उन्होंने चोरी का माल नेपाल ले जाकर ₹45,000 में बेच दिया था। बरामद किए गए रुपयों में से ₹7,510 बाँसी की चोरी का हिस्सा है, जबकि शेष राशि उन्होंने मौज-मस्ती में खर्च कर दी।

अपराधिक इतिहास

गिरफ्तार अभियुक्त आकाश विश्वकर्मा एक शातिर अपराधी है, जिस पर गैंगस्टर एक्ट, आबकारी अधिनियम और शस्त्र अधिनियम सहित आधा दर्जन मामले दर्ज हैं। वहीं श्यामसुन्दर पर भी पूर्व में चोरी के मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में कार्यवाही करते हुए उन्हें न्यायालय भेज दिया है।

 

Voice Of News 24