भारत-नेपाल सीमा पर हाई अलर्ट, कपिलवस्तु हिंसा के बाद सोनौली बॉर्डर पर पसरा सन्नाटा, पर्यटकों की संख्या में 60% की गिरावट

सोनौली

पड़ोसी देश नेपाल के कपिलवस्तु जिले में भड़की हिंसा और तनाव के बाद भारत-नेपाल सीमा पर हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। पूरी जानकारी के पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

पड़ोसी देश नेपाल के कपिलवस्तु जिले में भड़की हिंसा और तनाव के बाद भारत-नेपाल सीमा पर हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। सांप्रदायिक विवाद के बाद उपजे हालातों का सीधा असर महराजगंज जनपद के अंतरराष्ट्रीय सीमा सोनौली पर देखने को मिल रहा है, जहाँ सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह मुस्तैद हैं और आवाजाही पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

पर्यटक वाहनों के पहिए थमे: 500 से घटकर 200 हुई संख्या

नेपाल में बिगड़ते हालातों के डर से पर्यटकों ने कदम पीछे खींच लिए हैं। सामान्य दिनों में सोनौली सीमा से प्रतिदिन लगभग 500 पर्यटक वाहन नेपाल की ओर जाते थे, लेकिन रविवार को यह संख्या घटकर मात्र 200 रह गई। बड़ी संख्या में पर्यटक कपिलवस्तु में हिंसा और टायर जलाकर किए जा रहे प्रदर्शन की जानकारी मिलने के बाद रास्ते से ही वापस लौट गए। पर्यटकों को आशंका है कि हिंसा की आग नेपाल के अन्य जिलों तक भी फैल सकती है।

सोनौली बाजार और पर्यटन व्यवसाय पर पड़ा असर

सीमा पर तनाव का सीधा असर स्थानीय कारोबार पर भी दिखा है। सोनौली बाजार में दिनभर सन्नाटा पसरा रहा और दुकानों से ग्राहक नदारद रहे। होटल और ट्रैवल व्यवसाय से जुड़े लोगों का कहना है कि पर्यटकों की अचानक कमी से उनका कामकाज बुरी तरह प्रभावित हुआ है। सीमावर्ती क्षेत्रों में पुलिस और एसएसबी (SSB) की गश्त बढ़ा दी गई है।

कपिलवस्तु में भारी तनाव: 23 घायल, 4 को लगी गोली

नेपाल के कपिलवस्तु अंतर्गत बरगदवा क्षेत्र में धार्मिक विवाद के बाद दूसरे दिन भी स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। आक्रोशित भीड़ ने सड़कों पर टायर जलाकर प्रदर्शन किया, जिसके बाद प्रशासन ने क्षेत्र में निषेधाज्ञा लागू कर दी है।

हिंसा में अब तक कुल 23 लोग घायल हुए हैं, जिनमें पुलिस और सशस्त्र बल के जवान भी शामिल हैं।

चार लोगों को गोली लगने की सूचना है, जिनका अस्पताल में उपचार चल रहा है।

नेपाल पुलिस ने अब तक 9 उपद्रवियों को गिरफ्तार किया है।

भारतीय सुरक्षा एजेंसियों ने सावधानी बरतते हुए नेपाल जाने वाले वाहनों को कस्टम गेट तक ही सीमित रखा है। कड़ी सुरक्षा जांच और पहचान पत्रों के सत्यापन के बाद ही सीमित संख्या में प्रवेश दिया जा रहा है। अधिकारियों ने सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।

Voice Of News 24