घुघली: पुरानी रंजिश में अस्पताल के बाहर कंपाउंडर पर लोहे के पाइप से हमला; हालत गंभीर, मेडिकल कॉलेज रेफर

घुघली

महराजगंज जनपद के घुघली थाना क्षेत्र स्थित तिवारी बाजार में आज सोमवार दोपहर पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर जानलेवा हमला किया गया।पूरी जानकारी के पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

महराजगंज जनपद के घुघली थाना क्षेत्र स्थित तिवारी बाजार में आज सोमवार दोपहर पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर जानलेवा हमला किया गया। हमले में युवक के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं, जिसके बाद उसे नाजुक हालत में जिला अस्पताल से निजी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

अस्पताल से निकलते ही हुआ हमला

 

मिली जानकारी के अनुसार, पतरेगवा निवासी राहुल वर्मा, तिवारी बाजार स्थित एक निजी अस्पताल में कंपाउंडर के रूप में कार्यरत है। सोमवार दोपहर करीब 3:26 बजे जब राहुल अस्पताल से बाहर किसी काम के लिए निकला, तभी घात लगाकर बैठे उसके रिश्तेदार सदानंद वर्मा ने लोहे के भारी पाइप से उसके सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। हमले के बाद राहुल लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा और हमलावर मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने घायल को पहुँचाया अस्पताल

घटना की सूचना मिलते ही घुघली चौकी प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुँचे। घायल राहुल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घुघली ले जाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल से भी सुधार न होने पर परिजन उसे बेहतर इलाज के लिए केएमसी अस्पताल ले गए हैं।

इस मामले में थाना प्रभारी कुंवर गौरव सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी पुलिस को है। हालांकि, अभी तक पीड़ित पक्ष की ओर से कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि तहरीर मिलते ही संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी के विरुद्ध कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Voice Of News 24