सीएम डैशबोर्ड और आईजीआरएस समीक्षा में लापरवाही पर डीएम सख्त, अधिकारियों को लगाई कड़ी फटकार

बलिया

बलिया जनपद के जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने विकास भवन सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ सीएम डैशबोर्ड और आईजीआरएस पोर्टल की समीक्षा बैठक की।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

बलिया जनपद के जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने विकास भवन सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ सीएम डैशबोर्ड और आईजीआरएस पोर्टल की समीक्षा बैठक की। रैंकिंग में गिरावट और विकास कार्यों में शिथिलता पाए जाने पर डीएम ने कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित अधिकारियों की जमकर क्लास लगाई।

रैंकिंग में गिरावट पर नाराजगी

समीक्षा के दौरान ग्राम्य विकास विभाग की रैंकिंग ‘सी’ और महिला एवं बाल विकास विभाग की रैंकिंग ‘डी’ मिलने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने यूपीपीसीएल द्वारा पुलिस लाइन में निर्माणाधीन बैरक की सूचना पोर्टल पर अपलोड न करने पर भी असंतोष जताया। डीएम ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

अधूरे निर्माण कार्यों पर अल्टीमेटम

जिले की 14 प्रमुख परियोजनाओं की धीमी प्रगति पर डीएम ने कार्यदायी संस्थाओं को अंतिम चेतावनी दी। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र मनियर, खाकी बाबा मंदिर नगरा, और गंगा तट के घाटों के निर्माण की समय सीमा लिखित में मांगी। राजकीय इंटर कॉलेज नौरंगा के निर्माण में लापरवाही पर उन्होंने दो टूक कहा कि यदि संस्था कार्य नहीं कर पा रही तो उसे तत्काल बदला जाए। कस्तूरबा गांधी विद्यालय और राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालयों के अधूरे कार्यों पर भी अधिकारियों को फटकार लगाई गई।

आईजीआरएस: फीडबैक न लेने पर जताई आपत्ति

जनसुनवाई पोर्टल (IGRS) की समीक्षा में डीएम ने पाया कि शिकायतों के निस्तारण के बाद शिकायतकर्ता से फीडबैक नहीं लिया जा रहा है। उन्होंने निर्देश दिया कि निस्तारण की आख्या के साथ फोटोग्राफ्स पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड किए जाएं। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ओजस्वी राज, सीआरओ त्रिभुवन और सीएमओ सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

 

Voice Of News 24

[the_ad id="45361"]
[the_ad id="45359"]
[the_ad id="47307"]