दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को दो बच्चियों समेत घर से निकाला

महराजगंज

महराजगंज जनपद के श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र से दहेज प्रताड़ना का मामला सामने आया है। पीड़िता ने ससुराल पक्ष पर अतिरिक्त दहेज की मांग करते हुए मारपीट कर घर से निकाल देने का आरोप लगाया है और पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

महराजगंज जनपद के श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र से दहेज प्रताड़ना का मामला सामने आया है। पीड़िता ने ससुराल पक्ष पर अतिरिक्त दहेज की मांग करते हुए मारपीट कर घर से निकाल देने का आरोप लगाया है और पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। जानकारी के अनुसार कानापार उर्फ रामनगर, पोस्ट धानी बाजार थाना बृजमनगंज निवासी पूनम मद्देशिया पत्नी दुर्गेश कुमार मद्देशिया ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका विवाह 29 नवंबर 2017 को हिंदू रीति-रिवाज से हुआ था।

विवाह के समय मायके पक्ष ने सामर्थ्य के अनुसार दान-दहेज दिया था, लेकिन शादी के बाद से ही पति दुर्गेश कुमार मद्देशिया, देवर बृजेश मद्देशिया, ननद विजयलक्ष्मी उर्फ बिंदू व पूनम मद्देशिया तथा सास सावित्री देवी अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित करते रहे। पीड़िता का आरोप है कि ससुराल पक्ष कभी फ्रिज, कभी कूलर और कभी एसी की मांग करता था और मांग पूरी न होने पर मारपीट कर उसे घर से निकाल देता था।

बाद में मायके पक्ष द्वारा मांग पूरी करने पर ही उसे वापस ससुराल बुलाया जाता था। पूनम मद्देशिया ने बताया कि उन्हें दो बेटियां हर्षिता (5 वर्ष) और अमृता (3 वर्ष) हैं। बेटियों के जन्म को लेकर भी ससुराल वाले ताने देते रहते हैं और बच्चियों के पालन-पोषण व इलाज का खर्च भी नहीं उठाते। तहरीर के अनुसार 5 मार्च 2026 की सुबह करीब 7 बजे ससुराल पक्ष ने दहेज में चार पहिया वाहन की मांग की।

जब पीड़िता ने असमर्थता जताई तो आरोप है कि सभी ने मिलकर मारपीट की और दोनों बच्चियों समेत घर से निकाल दिया तथा दोबारा घर आने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता ने श्यामदेउरवां थाने में तहरीर देकर मामले में कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

 

Voice Of News 24