बुलंदशहर: आलू लदान के दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली में उतरा करंट, किसान की मौत, दो झुलसे

बुलंदशहर

बुलंदशहर जनपद के ब्लॉक दानपुर क्षेत्र अंतर्गत गांव सुल्तानपुर बिलोनी में रविवार सुबह एक हृदयविदारक हादसा हो गया। खेत में ट्रैक्टर-ट्रॉली पर आलू लादते समय ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से एक किसान की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से झुलस गए। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

बुलंदशहर जनपद के ब्लॉक दानपुर क्षेत्र अंतर्गत गांव सुल्तानपुर बिलोनी में रविवार सुबह एक हृदयविदारक हादसा हो गया। खेत में ट्रैक्टर-ट्रॉली पर आलू लादते समय ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से एक किसान की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

ट्रॉली के हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आने से हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, सुल्तानपुर बिलोनी निवासी किसान हरवीर (40 वर्ष), पुत्र शंकर सिंह, अपने साथी कुलदीप और अंकित के साथ खेत में आलू की बोरियां ट्रैक्टर-ट्रॉली में लाद रहे थे। इसी दौरान ट्रॉली के ऊपर आलू की बोरी रखते समय वाहन ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गया। करंट की चपेट में आने से हरवीर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कुलदीप और अंकित घायल हो गए। घायलों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।

विद्युत विभाग की लापरवाही पर ग्रामीणों का रोष

हादसे के बाद मौके पर भारी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। ग्रामीणों का आरोप है कि खेतों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन काफी नीचे लटकी हुई है, जिसके कारण हमेशा हादसे का डर बना रहता है। स्थानीय निवासियों का दावा है कि उन्होंने पूर्व में भी विभागीय अधिकारियों से लाइन को ऊपर करने की शिकायत की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने इस हादसे के लिए सीधे तौर पर बिजली विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है।

परिजनों का बुरा हाल

मृतक हरवीर अपने पीछे मां सोमवती देवी, पत्नी वर्षा, पुत्र देवेंद्र और पुत्री दिव्यांशी को रोता-बिलखता छोड़ गए हैं। थाना प्रभारी सुदेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने सूचना मिलते ही शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Voice Of News 24