महराजगंज: घरेलू कलह का खूनी अंत, पति ने कुल्हाड़ी से वार कर पत्नी को उतारा मौत के घाट

बृजमनगंज

महराजगंज जनपद के बृजमनगंज थाना क्षेत्र स्थित ग्राम सभा सौरहा में गुरुवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

महराजगंज जनपद के बृजमनगंज थाना क्षेत्र स्थित ग्राम सभा सौरहा में गुरुवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ आपसी विवाद के चलते एक शख्स ने अपनी ही पत्नी की कुल्हाड़ी से काटकर निर्मम हत्या कर दी। इस सनसनीखेज घटना के बाद से आरोपी पति मौके से फरार है और पूरे गांव में मातम व दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान नजमा के रूप में हुई है, जिसकी शादी सौरहा निवासी मुर्तुजा से हुई थी। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच लंबे समय से तनाव चल रहा था जिसके कारण नजमा अपने मायके बरगाहपुर में रह रही थी। गुरुवार दोपहर नजमा अपनी मां आयशा के साथ अपना सामान लेने ससुराल पहुंची थी। बातचीत के बाद जब वह घर से बाहर निकलने लगी तभी मुर्तुजा ने जरूरी बात करने के बहाने उसे वापस अंदर बुलाया और अचानक कुल्हाड़ी से उसके सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।

चीख-पुकार सुनकर जब तक ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे, नजमा खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर चुकी थी। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया लेकिन जख्म इतने गहरे थे कि रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मुर्तुजा अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भागने में सफल रहा।

पुलिस की कार्रवाई और आरोपी की तलाश

सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सत्य प्रकाश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने मृतका की मां की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं और जल्द ही उसे सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

Voice Of News24