रसड़ा: दबंगों ने नाली काटकर खेत में मिलाई, आक्रोशित महिलाओं ने तहसील पर किया प्रदर्शन

बलिया

बलिया जनपद के रसड़ा ब्लॉक के ग्राम जाम में सार्वजनिक नाली पर अवैध कब्जे का मामला गरमा गया है। पूरी जानकारी के पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

बलिया जनपद के रसड़ा ब्लॉक के ग्राम जाम में सार्वजनिक नाली पर अवैध कब्जे का मामला गरमा गया है। दबंगों द्वारा नाली को काटकर खेत में मिला लिए जाने से आक्रोशित दलित बस्ती की महिलाओं ने शनिवार को तहसील मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। ‘संपूर्ण समाधान दिवस’ के अवसर पर महिलाओं ने उपजिलाधिकारी रवि कुमार को पत्रक सौंपकर त्वरित कार्रवाई की मांग की।

बस्ती में जलभराव का संकट

संगीता देवी और मंजू देवी के नेतृत्व में आई महिलाओं ने बताया कि यह नाली दलित बस्ती के जल निकासी का एकमात्र जरिया थी। गांव के कुछ दबंगों ने इस नाली की भूमि को अवैध रूप से अपने खेत में मिला लिया है, जिससे बरसात और दैनिक उपयोग के पानी की निकासी पूरी तरह ठप हो गई है।

दुश्वारियों से जूझ रहे ग्रामीण

रिंकू और नीतू देवी ने आरोप लगाया कि जलभराव के कारण पूरी बस्ती में बीमारियां फैलने का डर बना हुआ है। महिलाओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही नाली को अतिक्रमण मुक्त कराकर बहाल नहीं किया गया, तो वे उग्र आंदोलन को विवश होंगी। एसडीएम ने मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित राजस्व टीम को जांच कर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

 

 

Voice Of News 24