बिजली बिल बकाएदारों का तार काटना पड़ा भारी, ग्रामीणों ने 6 कर्मचारियों को बनाया बंधक

बलिया

बलिया शासन के निर्देश पर बकाया वसूली अभियान के दौरान शुक्रवार शाम बलुआ गांव में हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। पूरी जानकारी के पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।


बलिया शासन के निर्देश पर बकाया वसूली अभियान के दौरान शुक्रवार शाम बलुआ गांव में हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। विद्युत उपकेंद्र मुड़ेरा के छह कर्मचारियों को ग्रामीणों ने न केवल बंधक बना लिया, बल्कि उनके साथ गाली-गलौज करते हुए बाइक और सरकारी रजिस्टर को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।

वसूली के दौरान भड़के ग्रामीण

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब 3 बजे विभागीय कर्मचारी दीपक यादव, अखिलेश यादव, विजेंद्र सिंह, आनंद कुमार, प्रवीन कुमार और बब्लू यादव विद्युत बिल समाधान योजना के अंतर्गत बलुआ गांव में बकाएदारों के कनेक्शन काट रहे थे। इसी दौरान कुछ लोग आक्रोशित हो गए और कर्मचारियों को घेर लिया। आरोप है कि ग्रामीणों ने दबंगई दिखाते हुए कर्मचारियों की बाइक तोड़ दी और उन्हें एक स्थान पर बंधक बना लिया। सूचना मिलने पर पहुँची डायल 112 की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद कर्मचारियों को मुक्त कराया।

चार नामजद अभियुक्तों के खिलाफ तहरीर

शनिवार को मामले की गंभीरता को देखते हुए मुड़ेरा उपकेंद्र के अवर अभियंता दीपक कुमार ने पुलिस को लिखित तहरीर दी है। तहरीर में गांव के चार व्यक्तियों को नामजद करते हुए सरकारी कार्य में बाधा डालने, बंधक बनाने और संपत्ति को नुकसान पहुँचाने के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की धर-पकड़ के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।

 

 

Voice Of News 24