नगला भीमपुर: प्राथमिक विद्यालय में धूमधाम से मनाई गई नेताजी की जयंती, बच्चों को दी गई उनके संघर्ष की जानकारी

बुलंदशहर

बुलंदशहर जनपद के विकास क्षेत्र दानपुर के अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय नगला भीमपुर में शुक्रवार, 23 जनवरी 2026 को महान स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती ‘पराक्रम दिवस’ के रूप में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। पूरी जानकारी के पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।


बुलंदशहर जनपद के विकास क्षेत्र दानपुर के अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय नगला भीमपुर में शुक्रवार, 23 जनवरी 2026 को महान स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती ‘पराक्रम दिवस’ के रूप में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में विशेष कार्यक्रम का आयोजन कर उनके चित्र पर माल्यार्पण किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य मुनेश कुमारी ने नेताजी के जीवन और उनके संघर्षों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि नेताजी का प्रसिद्ध नारा “तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आजादी दूंगा” आज भी हर भारतीय के दिल में देशभक्ति का जज्बा पैदा करता है। उन्होंने बताया कि आजाद हिंद फौज के संस्थापक के रूप में उनका बलिदान और राष्ट्र के प्रति समर्पण सदैव अमर रहेगा।

शिक्षकों ने बच्चों को बताया कि कैसे नेताजी ने कठिन परिस्थितियों में भी देश की आजादी के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सहयोग जुटाया और युवाओं को संगठित किया। इस दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने भी देशभक्ति के गीत और नारे लगाकर वातावरण को ऊर्जावान बना दिया। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी बच्चों और शिक्षकों को मिष्ठान वितरण किया गया। इस अवसर पर स्कूल का समस्त स्टाफ और बड़ी संख्या में छात्र उपस्थित रहे।

 

Voice Of News 24