महराजगंज: कड़ाके की ठंड और बर्फीली हवाओं से कांप रहा तराई क्षेत्र, प्रशासन के ‘सरकारी अलाव’ कागजों तक सीमित

निचलौल/ठूठीबारी

महराजगंज जनपद के भारत-नेपाल सीमा पर स्थित ठूठीबारी तराई क्षेत्र में इन दिनों कड़ाके की ठंड और शीतलहर ने कहर बरपा रखा है।पूरी जानकारी के पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

महराजगंज जनपद के भारत-नेपाल सीमा पर स्थित ठूठीबारी तराई क्षेत्र में इन दिनों कड़ाके की ठंड और शीतलहर ने कहर बरपा रखा है। गलन और बर्फीली हवाओं के कारण जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है, लेकिन प्रशासनिक उदासीनता का आलम यह है कि कस्बे के प्रमुख चौराहों पर अब तक सरकारी अलाव की व्यवस्था नहीं की गई है।

धूप न निकलने से बढ़ी गलन, हेडलाइट जलाकर रेंग रहे वाहन

पिछले कई दिनों से आसमान में बादल छाए रहने के कारण धूप के दर्शन नहीं हुए हैं। बर्फीली हवाओं ने गलन इतनी बढ़ा दी है कि लोग दिन में भी ठिठुरने को मजबूर हैं। विजिबिलिटी कम होने के कारण महाराजगंज से ठूठीबारी और नौतनवा रोड पर वाहनों की रफ्तार थम गई है। वाहन चालक दिन में भी हेडलाइट जलाकर चलने को विवश हैं।

कूड़ा-कचरा जलाकर ठंड मिटाने की मजबूरी

जिम्मेदार विभागों की लापरवाही के चलते कस्बे के बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर अलाव नहीं जल रहे हैं। दिहाड़ी मजदूर, रिक्शा चालक और राहगीर ठंड से बचने के लिए टायर, रद्दी, पुराने कपड़े और बोरे जलाकर किसी तरह खुद को गर्म रखने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे प्रदूषण के साथ-साथ हादसों का भी डर बना रहता है।

स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों में भारी आक्रोश

ठूठीबारी के प्रमुख वार्ड सदस्य उमाकांत पाण्डेय और नगर व्यापार मंडल अध्यक्ष दिनेश रौनियार ने प्रशासन पर तीखा प्रहार किया है। उनके साथ मुना मद्धेशिया, राजकुमार चौधरी, सूरज, धीरेंद्र विश्वकर्मा, पप्पू साहनी, गुड्डू और अजय जायसवाल ने बताया कि भीषण ठंड के बावजूद ठूठीबारी में अलाव की कोई व्यवस्था न होना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि प्रशासन केवल निर्देशों तक सीमित है, धरातल पर कोई काम नहीं दिख रहा।

अधिकारियों का ‘घिसा-पिटा’ आश्वासन

जब इस संबंध में स्थानीय स्तर पर जानकारी ली गई, तो अधिकारियों ने ‘ऊपर से निर्देश प्राप्त होने’ और ‘जल्द व्यवस्था कराने’ का रटा-रटाया आश्वासन दिया। हालांकि, ठिठुरती जनता के लिए अब तक यह आश्वासन हवा-हवाई ही साबित हुआ है।

 

Voice Of News 24

 

[the_ad id="45361"]
[the_ad id="45359"]
[the_ad id="47307"]