महराजगंज: मनरेगा पार्क में 1.34 लाख का संदिग्ध भुगतान, भ्रष्टाचार के घेरे में भेड़िया पंचायत

महराजगंज

महराजगंज जनपद के निचलौल ब्लॉक अंतर्गत भेड़िया ग्राम पंचायत में मनरेगा योजना के तहत हुए एक भुगतान ने वित्तीय पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।पूरी जानकारी के पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

महराजगंज जनपद के निचलौल ब्लॉक अंतर्गत भेड़िया ग्राम पंचायत में मनरेगा योजना के तहत हुए एक भुगतान ने वित्तीय पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोप है कि पार्क सुंदरीकरण के नाम पर नियमों को ताक पर रखकर 1.34 लाख रुपये की धनराशि सीधे एक व्यक्ति के निजी खाते में भेज दी गई। इस मामले के उजागर होने के बाद स्थानीय प्रशासन और पंचायत विभाग की कार्यप्रणाली पर उंगलियां उठ रही हैं।

क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भेड़िया ग्राम पंचायत में मनरेगा योजना के तहत पार्क के समतलीकरण और मिट्टी कार्य के लिए पहले ही 5.28 लाख रुपये खर्च किए जा चुके थे। विभागीय रिकॉर्ड के मुताबिक, यह कार्य 30 अगस्त 2024 को पूर्ण हो गया था और इसका भुगतान भी कर दिया गया था। इसके उपरांत पार्क में इंटरलॉकिंग का कार्य भी संपन्न करा लिया गया।

हैरानी की बात तब सामने आई, जब मिट्टी कार्य पहले ही पूर्ण होने और इंटरलॉकिंग लग जाने के बावजूद, 15 अक्टूबर 2024 को दोबारा ‘मिट्टी कार्य’ के नाम पर 1,34,272 रुपये का भुगतान किया गया। यह राशि किसी पंजीकृत फर्म के बजाय प्रद्युम्नधर दुबे नामक व्यक्ति के निजी खाते में ट्रांसफर की गई।

नियमों की अनदेखी और विभाग की चुप्पी
नियमों के मुताबिक, मनरेगा या पंचायत निधि का भुगतान केवल अधिकृत आपूर्तिकर्ता या फर्म को ही किया जा सकता है। एक बार कार्य पूर्ण होने के बाद दोबारा उसी मद में निजी खाते में भुगतान करना वित्तीय अनियमितता की ओर इशारा करता है।

ग्रामीणों में इस बात को लेकर आक्रोश है कि जहाँ छोटे मामलों में सचिवों पर तत्काल गाज गिरती है, वहीं लाखों के इस संदिग्ध लेन-देन पर विभाग मौन है। इस संबंध में जिला पंचायत राज अधिकारी (DPRO) का कहना है कि यदि मामले की औपचारिक शिकायत प्राप्त होती है, तभी जांच और कार्रवाई की जाएगी।

उठते सवाल
डीपीआरओ के इस बयान ने विवाद को और हवा दे दी है। सवाल यह उठ रहा है कि क्या विभाग साक्ष्यों के बावजूद स्वतः संज्ञान लेने से कतरा रहा है? क्या यह मामला भी फाइलों में दबकर रह जाएगा या दोषियों पर कठोर कार्रवाई होगी? फिलहाल, पूरे ब्लॉक में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।

 

Voice Of News24

This error message is only visible to WordPress admins

Error: No feed found with the ID 1.

Go to the All Feeds page and select an ID from an existing feed.