नीतीश ने ली शपथ, गांधी मैदान बना ‘लोकतंत्र का महाकुंभ’ ,PM मोदी सहित देश भर के दिग्गज नेता बने ऐतिहासिक समारोह के गवाह

ब्यूरो रिपोर्ट

बिहार में नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह के लिए आज पटना का गांधी मैदान राजनीति के सबसे बड़े और ऐतिहासिक क्षणों का गवाह बना।पूरी जानकारी के पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

बिहार में नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह के लिए आज पटना का गांधी मैदान राजनीति के सबसे बड़े और ऐतिहासिक क्षणों का गवाह बना। सुबह से ही राजधानी ही नहीं, बल्कि कई जिलों से भारी संख्या में लोग पहुंचने लगे। पूरे मैदान में नारे, उत्साह, संगीत और सांस्कृतिक माहौल का ऐसा संगम दिखा, जिसने इसे एक विशाल लोकतांत्रिक उत्सव का रूप दे दिया।

मुख्यमंत्री का भव्य आगमन और गगनभेदी जयकारे

मुख्यमंत्री पद के लिए नामित नीतीश कुमार करीब 10:46 बजे गांधी मैदान पहुंचे। उनके पहुंचते ही तालियों, नारों और स्वागत के शोर से पूरा मैदान गूंज उठा। सुरक्षा घेरे के बीच उनका आगमन बेहद भव्य दिखाई दिया। इससे पहले, वे मुख्य मंच, वीवीआईपी एरिया और भीड़ प्रबंधन से जुड़ी तैयारियों की अंतिम समीक्षा कर चुके थे।

पीएम मोदी का काफिला और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था

उधर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी पटना एयरपोर्ट से सीधे गांधी मैदान के लिए रवाना हुए। पीएम के काफिले के निकलते ही शहर की सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई। एसपीजी के साथ राज्य पुलिस के जवान पूरे मार्ग पर तैनात रहे। माना जा रहा था कि उनके पहुंचते ही शपथ ग्रहण की औपचारिक प्रक्रिया शुरू होगी।

विभिन्न राज्यों के दिग्गजों की उपस्थिति

गांधी मैदान में लगातार देश के विभिन्न राज्यों के नेताओं का आगमन होता रहा।

सबसे पहले हरियाणा के मुख्यमंत्री नवाब सिंह सैनी पहुंचे।

इसके बाद असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा मंच पर आए।

नागालैंड, सिक्किम और मेघालय के मुख्यमंत्री भी समारोह में शामिल हुए।

उत्तर प्रदेश  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य के आगमन से भी भीड़ का उत्साह और बढ़ गया।

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह जैसे ही मंच पर आए, समर्थकों के बीच उत्साह चरम पर पहुंच गया।

पूरे मैदान में ‘हर-हर महादेव’, ‘जय बिहार’ और ‘नीतीश कुमार जिंदाबाद’ के नारे गूंजते रहे। कार्यकर्ताओं ने गमछे लहराकर नेताओं का स्वागत किया और शक्ति प्रदर्शन का अनोखा दृश्य पेश किया। समारोह का संचालन बांकीपुर विधायक नितिन नवीन कर रहे थे।

मंच से लगातार सांस्कृतिक कार्यक्रम भी चलते रहे। शारदा सिन्हा के छठ गीतों ने कुछ देर के लिए माहौल को भक्तिमय बना दिया। भोजपुरी कलाकारों की मौजूदगी ने भी समारोह में उत्साह बढ़ाया। मनोज तिवारी और पवन सिंह के मंच पर आने से भीड़ में नई ऊर्जा दौड़ गई।

आज का गांधी मैदान सिर्फ एक शपथ ग्रहण समारोह का स्थल नहीं रहा, बल्कि बिहार की राजनीति के अभूतपूर्व शक्ति प्रदर्शन का केंद्र बन गया, जहां नेता, कलाकार, कार्यकर्ता और आम जनता एक ही मंच पर लोकतांत्रिक उत्सव का हिस्सा बने।

 

Voice Of News 24

This error message is only visible to WordPress admins

Error: No feed found with the ID 1.

Go to the All Feeds page and select an ID from an existing feed.