महराजगंज: मुंडन समारोह में शामिल युवक का संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला शव ,इलाके में मचा हड़कंप

महराजगंज

महराजगंज के थाना बृजमनगंज के करमहा टोला सोनाडीह गांव में मुंडन कार्यक्रम में शामिल होने आए 26 वर्षीय युवक मिथुन का शव आज सोमवार को उसके ससुराल में फंदे से लटका मिला। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट

महराजगंज के थाना बृजमनगंज के करमहा टोला सोनाडीह गांव में मुंडन कार्यक्रम में शामिल होने आए 26 वर्षीय युवक मिथुन का शव आज सोमवार को उसके ससुराल में फंदे से लटका मिला। यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। मृतक करमहवा, थाना पुरन्दरपुर का निवासी था और पिछले दो महीनों से अपने ससुराल सोनाडीह में रह रहा था।

जश्न के माहौल में पसरा मातम

जानकारी के मुताबिक, मिथुन अपनी पत्नी पूनम के चाचा के बेटे के मुंडन कार्यक्रम में शरीक होने आया था। परिजनों ने बताया कि कार्यक्रम में थोड़ी देर डांस करने के बाद मिथुन अचानक गायब हो गया। शाम करीब 6 बजे जब वह काफी देर तक नजर नहीं आया तो परिवार वालों ने उसकी तलाश शुरू की।

साले ने देखा पंखे से लटका शव, मचा हड़कंप

कुछ देर बाद, मिथुन का साला किसी काम से घर के अंदर गया तो उसने मिथुन को पंखे से लटका हुआ देखा। यह देखकर उसने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। आनन-फानन में मिथुन को फंदे से उतारकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धानी ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मिथुन अपने पीछे पत्नी पूनम, पांच वर्षीय बेटे गोलू और तीन वर्षीय बेटी सोनम को छोड़ गया है।

पुलिस जांच में जुटी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

घटना की सूचना मिलते ही धानी चौकी इंचार्ज अखिलेश यादव तत्काल मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।धानी चौकी इंचार्ज अखिलेश कुमार यादव ने इस मामले पर बताया कि प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला लग रहा है, हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि मौत के असली कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहनता से जांच कर रही है।

 

Voice Of News 24