सिद्धार्थनगर:आम आदमी पार्टी ने बिजली कटौती और मनमानी बिल वसूली के खिलाफ किया प्रदर्शन

सिद्धार्थनगर

सिद्धार्थनगर जनपद में आम आदमी पार्टी ने आज डुमरियागंज तहसील मुख्यालय पर बिजली की अघोषित कटौती और मनमानी बिल वसूली के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट 

सिद्धार्थनगर जनपद में आम आदमी पार्टी ने आज डुमरियागंज तहसील मुख्यालय पर बिजली की अघोषित कटौती और मनमानी बिल वसूली के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। पार्टी के प्रांतीय अध्यक्ष इंजीनियर इमरान लतीफ के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।

प्रदर्शनकारी हाथों में तख्तियां लिए हुए थे जिन पर लिखा था – “बिजली गई, जनता जली,” “मनमानी बिल नहीं चलेगी,” “लूट की दुकान नहीं चलेगी,” और “बिजली नहीं तो बिल नहीं।” इमरान लतीफ ने इस दौरान कहा कि भीषण गर्मी में लगातार हो रही बिजली कटौती ने जनता का जीना मुहाल कर दिया है। उन्होंने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में समस्या विकराल रूप ले चुकी है। 10-12 घंटे की कटौती के बावजूद, उपभोक्ताओं को हजारों रुपये के फर्जी बिल भेजे जा रहे हैं, जिसे उन्होंने जनता के साथ खुला अन्याय बताया।

राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन में AAP ने 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने और फर्जी बिलों की गहन जांच कराने की मांग की है। पार्टी ने प्रशासन को इन मांगों पर कार्रवाई के लिए 7 दिन का समय दिया है। चेतावनी दी गई है कि यदि इस अवधि में उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं, तो आम आदमी पार्टी गांव-गांव में आंदोलन छेड़ेगी और पूरे प्रदेश में एक महा-अभियान चलाएगी।

जिला अध्यक्ष जलाल अहमद चौधरी ने बताया कि बिजली कटौती से गांवों में खेती, छात्रों की पढ़ाई और लोगों का रोजमर्रा का जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। इस प्रदर्शन में कृष्ण गोपाल चौधरी, इमरान खान, रामकरण गौड़ सहित कई अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे।

 

Voice Of News 24