महराजगंज:केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी ने प्लास्टिक प्रदूषण के खतरों से आगाह कर किया वृक्षारोपण, दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

महराजगंज

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आज फरेंदा ब्लॉक के मनिकौरा गांव स्थित शिव मंदिर प्रांगण में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट 

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आज फरेंदा ब्लॉक के मनिकौरा गांव स्थित शिव मंदिर प्रांगण में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर मुख्य अतिथि केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने वृक्षारोपण किया और उपस्थित जनसमूह को पर्यावरण संरक्षण का महत्वपूर्ण संदेश दिया।

अपने संबोधन में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आधुनिक युग में पर्यावरणीय संकट गहराता जा रहा है, ऐसे में हमें अधिक सजग और जागरूक होने की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष 5 जून को मनाए जाने वाले विश्व पर्यावरण दिवस की थीम “प्लास्टिक प्रदूषण को समाप्त करना” है। वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने प्लास्टिक कचरे के गंभीर परिणामों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह न केवल मिट्टी की उर्वरता को नष्ट करता है, बल्कि जल स्रोतों को भी विषाक्त बना देता है। उन्होंने चिंता व्यक्त की कि प्लास्टिक की थैलियां और बोतलें लंबे समय तक नष्ट नहीं होतीं और ये पशु-पक्षियों के लिए जानलेवा साबित हो रही हैं।

केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी ने जोर देकर कहा, “हमें यह समझना होगा कि जब तक हम सिंगल यूज़ प्लास्टिक के उपयोग को नियंत्रित नहीं करेंगे, तब तक पर्यावरण संरक्षण की बात अधूरी रहेगी।” उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे न केवल पौधरोपण करें, बल्कि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल भी करें। उन्होंने सुझाव दिया कि हर परिवार यदि एक पौधा लगाए और उसका संरक्षण करे, तो हम आने वाले वर्षों में एक हरित और स्वच्छ पर्यावरण की नींव रख सकते हैं।

इस अवसर पर जिलाधिकारी महोदय ने उपस्थित लोगों से अपील की कि सभी लोग कम से कम एक पौधा मां के नाम ज़रूर लगाएं और उसकी सुरक्षा भी करें। उन्होंने कहा कि आज गंगा दशहरा भी है और हम सबको यह शपथ लेनी चाहिए कि हम न सिर्फ अपनी नदियों बल्कि अन्य जलाशयों को भी स्वच्छ रखेंगे, उनमें कूड़ा आदि नहीं डालेंगे और प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं करेंगे। जिलाधिकारी महोदय ने कहा कि इन छोटे-छोटे कदमों से ही हम पर्यावरण को बचा सकते हैं।

इससे पूर्व, केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री द्वारा शिव मंदिर अमृत सरोवर के सुदृढ़ीकरण/सुंदरीकरण कार्यों का भी उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर सभी गणमान्य व्यक्तियों ने शिव मंदिर परिसर में वृक्षारोपण किया और पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली।

इस कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी अनुराज जैन, डीएफओ निरंजन सूर्वे, पूर्व विधायक बजरंग बहादुर सिंह, और पूर्व विधायक शिवेंद्र सिंह सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

 

Voice Of News 24