बलरामपुर पुलिस हुई हाईटेक, पुलिस अधीक्षक ने बांटे टैबलेट और मोबाइल

बलरामपुर

बलरामपुर जनपद की कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

बलरामपुर जनपद की कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। उन्होंने पुलिसकर्मियों को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके तहत, नए कानूनों के क्रियान्वयन को सुगम बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित एक कार्यक्रम में उपनिरीक्षकों को 41 टैबलेट और बीट पुलिस अधिकारियों को 709 मोबाइल फोन वितरित किए गए।

इस अवसर पर एसपी विकास कुमार ने कहा कि नए आपराधिक कानूनों में ज्यादातर कानूनी प्रक्रियाओं को डिजिटल करने का प्रावधान किया गया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि मोबाइल से बनाए गए वीडियो को भी अब साक्ष्य के रूप में प्रस्तुत किया जा सकेगा। एसपी ने बताया कि नए कानूनों में आधुनिक तकनीकों को शामिल करने का मुख्य उद्देश्य पुलिस कार्यों में पारदर्शिता और दक्षता को बढ़ाना है। इसी क्रम में उपनिरीक्षकों और बीपीओ को टैबलेट और मोबाइल दिए गए हैं, जो नए कानूनों के प्रभावी पालन, डिजिटल रिकॉर्डिंग, रियल टाइम डेटा संग्रह और समय पर सूचनाओं के आदान-प्रदान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

अपर पुलिस अधीक्षक] योगेश कुमार ने इस पहल को पुलिसिंग प्रणाली को और अधिक सशक्त बनाने वाला बताया। उन्होंने कहा कि इससे जनता को शीघ्र न्याय, सुरक्षित वातावरण और एक भरोसेमंद कानून व्यवस्था प्राप्त हो सकेगी।

कार्यक्रम के दौरान क्षेत्राधिकारी तुलसीपुर बृजनन्दन राय, क्षेत्राधिकारी लाइन ज्योतिश्री, क्षेत्राधिकारी ललिया जितेन्द्र कुमार, क्षेत्राधिकारी यातायात देवेन्द्र कुमार श्रीवास्तव, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर सुधीर कुमार सिंह, थाना कोतवाली देहात प्रभारी निरीक्षक बृजानंदन सिंह सहित तमाम उपनिरीक्षक और कांस्टेबल मौजूद रहे। इस कदम से बलरामपुर पुलिस आधुनिक तकनीक का उपयोग कर अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में आगे बढ़ी है।

Voice Of News 24