अनूपशहर

बुलंदशहर जनपद के अनूपशहर स्थित गंगा के मस्तराम घाट पर स्नान के दौरान डूबे 21 वर्षीय छात्र कुनाल की तलाश में पांचवें दिन भी सघन रेस्क्यू ऑपरेशन जारी रहा।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

बुलंदशहर जनपद के अनूपशहर स्थित गंगा के मस्तराम घाट पर स्नान के दौरान डूबे 21 वर्षीय छात्र कुनाल की तलाश में पांचवें दिन भी सघन रेस्क्यू ऑपरेशन जारी रहा। पीएसी की फ्लड प्लाटून, एनडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की संयुक्त टीमें मस्तराम घाट से लेकर नरौरा तक करीब 16 किलोमीटर लंबे दायरे में नदी की खाक छान रही हैं, लेकिन अब तक छात्र का कोई सुराग नहीं लग सका है। अब तलाश अभियान को तेज करने के लिए बागपत से सात सदस्यीय विशेष गोताखोर टीम को भी बुलाया गया है।
छोटे भाई को बचाने के प्रयास में तेज बहाव में बहा था कुनाल
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के ग्राम डबकोरा निवासी योगेश दीपावली के दिन सुबह करीब 6:00 बजे अपने दोनों पुत्रों कुनाल (21) और विशाल के साथ गंगा स्नान करने अनूपशहर के मस्तराम घाट पहुंचे थे। स्नान के दौरान अचानक छोटे भाई विशाल का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में डूबने लगा।
छोटे भाई को संकट में देख बड़े भाई कुनाल ने बिना किसी हिचक के गंगा में छलांग लगा दी। कुनाल ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए विशाल को सुरक्षित किनारे की ओर धकेल दिया, लेकिन इस प्रयास में वह स्वयं गंगा की तेज धार और गहरे भंवर में समाकर लापता हो गया।
50 फीट गहरे पानी में एनडीआरएफ और पीएसी ने चलाया अभियान
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और तत्काल बचाव कार्य शुरू कराया। बीते पांच दिनों से पीएसी की फ्लड प्लाटून और स्थानीय गोताखोर लगातार नदी में तलाश कर रहे हैं।
एनडीआरएफ के इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार के अनुसार, बचाव दल ने आधुनिक उपकरणों की मदद से घटनास्थल से डाउनस्ट्रीम में करीब 16 किलोमीटर दूर तक और लगभग 50 फीट गहरे पानी में सघन सर्च अभियान चलाया है, किंतु तेज बहाव और गहराई अधिक होने के कारण सफलता नहीं मिल सकी है।
बागपत से बुलाई गई 7 सदस्यीय विशेष गोताखोर टीम
छात्र का पता न चलने पर प्रशासन ने अब बागपत से इरफान पठान के नेतृत्व में सात सदस्यीय विशेषज्ञ गोताखोरों की टीम को मौके पर बुलाया है। यह टीम ट्यूब और विशेष तकनीक की सहायता से गंगा के बहाव के साथ मस्तराम घाट से लेकर नरौरा बैराज की दिशा में बारीकी से तलाश कर रही है।
उधर, घाट पर डटे परिजनों की आंखें पिछले पांच दिनों से अपने बेटे की एक झलक पाने को पथरा गई हैं। पूरे डबकोरा गांव में शोक और चिंता का माहौल है तथा परिजन प्रशासन से रेस्क्यू अभियान को और तेज करने की गुहार लगा रहे हैं।
महराजगंज जनपद के #बृजमनगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत #धानी स्थित राप्ती नदी के खड़खड़िया पुल के पास मूर्ति विसर्जन के दौरान प्रशासनिक बड़ी लापरवाही सामने आई है। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम न होने और घाट पर बरती गई घोर लापरवाही के चलते एक 30 वर्षीय युवक नदी के गहरे पानी में समा गया https://t.co/VU2H2mY0zg
— Voice of News 24 (@VOfnews24) November 11, 2026



















