सोनौली

महराजगंज जनपद के भारत-नेपाल की सोनौली सीमा पर सुरक्षा एजेंसियों और इमिग्रेशन विभाग ने एक बड़े फर्जीवाड़े का पर्दाफाश किया है।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

महराजगंज जनपद के भारत-नेपाल की सोनौली सीमा पर सुरक्षा एजेंसियों और इमिग्रेशन विभाग ने एक बड़े फर्जीवाड़े का पर्दाफाश किया है। वर्ष 2005 से यानी करीब दो दशकों से फर्जी भारतीय पहचान के सहारे देश के विभिन्न हिस्सों में रह रही एक इंडोनेशियाई महिला को इमिग्रेशन अधिकारियों ने धर दबोचा है। महिला के कब्जे से अलग-अलग नाम व जन्मतिथि वाले भारतीय वोटर आईडी कार्ड, आधार कार्ड और दो पैन कार्ड सहित कुल पांच भारतीय दस्तावेज बरामद हुए हैं। सोनौली पुलिस ने महिला के विरुद्ध धोखाधड़ी और विदेशी नागरिक अधिनियम की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर गहन जांच शुरू कर दी है।
हिंदी बोलने की शैली से हुआ संदेह, कड़ाई से पूछताछ में खुला राज
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना बीते 10 नवंबर 2026 की शाम करीब 7:30 बजे की है। महिला नेपाल के लुंबिनी जाने के उद्देश्य से सोनौली इमिग्रेशन कार्यालय पहुंची थी। जांच के दौरान उसने अधिकारियों के समक्ष खुद को भारतीय नागरिक बताते हुए अपना वोटर आईडी कार्ड पेश किया।
वोटर आईडी कार्ड पर दर्ज नाम और महिला की हिंदी बोलने की अनोखी शैली को देखकर वहां तैनात इमिग्रेशन अधिकारियों को तुरंत संदेह हो गया। जब अधिकारियों ने महिला को रोककर कड़ाई से पूछताछ की, तो वह टूट गई और मजबूर होकर अपना असली इंडोनेशियाई पासपोर्ट प्रस्तुत किया।
पासपोर्ट और भारतीय दस्तावेजों में मिला बड़ा अंतर, चीन-जापान के वीजा भी बरामद
दस्तावेजों के मिलान में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए
असली पहचान (इंडोनेशियाई पासपोर्ट के अनुसार): महिला का वास्तविक नाम रोहाना (Rohana) और जन्मतिथि 20 अक्टूबर 1970 दर्ज है।
फर्जी भारतीय पहचान: उसके भारतीय वोटर आईडी कार्ड पर नाम ‘ली किम लियन’ और जन्मतिथि 29 जून 1975 अंकित पाई गई। इसके अलावा उसके पास से अलग-अलग नाम व जन्मतिथि वाले आधार कार्ड और दो पैन कार्ड भी बरामद हुए हैं।
विदेशी वीजा और यात्राएं: तलाशी व जांच के दौरान महिला के पास चीन और जापान के वैध वीजा भी मिले हैं, जिससे यह स्पष्ट हुआ है कि वह पूर्व में कई बार विदेश यात्राएं कर चुकी है।
कोलकाता के एनजीओ और बुद्धिस्ट सेंटर से जुड़ा कनेक्शन, नेटवर्क की तलाश तेज
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि रोहाना वर्ष 2005 से लगातार भारत में रह रही थी और इसी दौरान उसने अवैध तरीके से भारतीय पहचान पत्र तैयार करवा लिए थे। वह नवंबर 2025 में चीन की यात्रा से वापस भारत लौटी थी। जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि वह कोलकाता में एक एनजीओ (गैर-सरकारी संगठन) के माध्यम से बुद्धिस्ट सेंटर का संचालन कर रही थी और वहां अध्यक्ष पद पर कार्यरत थी।
सोनौली थानाध्यक्ष विशाल कुमार शुक्ला ने बताया कि इमिग्रेशन विभाग की तहरीर पर 11 नवंबर की रात को ही आरोपी महिला के खिलाफ धोखाधड़ी, कूटरचित दस्तावेज तैयार करने और विदेशी नागरिकों से जुड़े नियमों के उल्लंघन की धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है।
महराजगंज जनपद के #बृजमनगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत #धानी स्थित राप्ती नदी के खड़खड़िया पुल के पास मूर्ति विसर्जन के दौरान प्रशासनिक बड़ी लापरवाही सामने आई है। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम न होने और घाट पर बरती गई घोर लापरवाही के चलते एक 30 वर्षीय युवक नदी के गहरे पानी में समा गया https://t.co/VU2H2mY0zg
— Voice of News 24 (@VOfnews24) November 11, 2026


















