संभल

संभल जनपद में गंगा एक्सप्रेसवे पर बुधवार सुबह खिरनी टोल प्लाजा और लहरावन के बीच एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। पंजाब के पटियाला से बिहार जा रही एक डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर पलट गई।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज़ 24 की खास रिपोर्ट।

संभल जनपद में गंगा एक्सप्रेसवे पर बुधवार सुबह खिरनी टोल प्लाजा और लहरावन के बीच एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। पंजाब के पटियाला से बिहार जा रही एक डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में बच्चों समेत करीब 25 से अधिक यात्री घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही दो थानों की पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से राहत कार्य शुरू किया।
घायलों को तत्काल एंबुलेंस से जिला संयुक्त चिकित्सालय संभल पहुंचाया गया। सीएमएस डॉ. राजेंद्र सैनी के अनुसार अस्पताल में भर्ती 20 से 22 घायलों के उपचार के लिए 6 डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की टीम तैनात की गई है।
घायल यात्री मुकेश कुमार (निवासी सुपौल, बिहार) ने बताया कि बस में क्षमता से अधिक लगभग 150 यात्री ठूंस-ठूंसकर बैठाए गए थे। सामान अधिक होने और जगह कम होने के कारण बस असंतुलित होकर पलटी। मुकेश ने खिड़की का शीशा तोड़कर जान बचाई और हादसे में 50 से अधिक लोगों के चुटिल होने का दावा किया।
पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। सभी घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है और पुलिस मामले की अग्रिम कानूनी कार्रवाई में जुटी है।













