सुल्तानपुर

सुल्तानपुर पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर रविवार सुबह एक ऐसा दर्दनाक हादसा हुआ, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज़ 24 की खास रिपोर्ट।

सुल्तानपुर पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर रविवार सुबह एक ऐसा दर्दनाक हादसा हुआ, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। एक एंबुलेंस शहीद सूबेदार मेजर सत्यवान का पार्थिव शरीर लेकर पंचकूला से देवरिया जा रही थी, लेकिन हलियापुर थाना क्षेत्र के पास यह सफर अचानक मौत के सफर में बदल गया। अयोध्या-सुल्तानपुर सीमा के करीब माइलस्टोन 79.6 के पास तेज रफ्तार एंबुलेंस सड़क किनारे खड़े एक ट्रक में पीछे से जा घुसी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एंबुलेंस के परखच्चे उड़ गए और उसका केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में एंबुलेंस सवार राजन चौधरी, राम समुझ, गौरव सिंह और चालक जसपाल गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस और राहत टीम ने गैस कटर की मदद से केबिन में फंसे शवों को बाहर निकाला। इस भीषण हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। शहीद का पार्थिव शरीर भी एंबुलेंस में फंसा था, जिसे पुलिस ने सुरक्षित बाहर निकालकर हलियापुर थाने में रखवाया।

पुलिस के अनुसार, देवरिया निवासी सूबेदार मेजर सत्यवान कुछ दिन पहले पंचकूला में शहीद हुए थे। शनिवार देर रात उनका पार्थिव शरीर लेकर परिजन एंबुलेंस से घर के लिए रवाना हुए थे। शुरुआती जांच में चालक को नींद की झपकी आने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि हादसे की वास्तविक वजह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। पुलिस ने सभी मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। एक तरफ जहां शहीद को अंतिम विदाई देने का गम था, वहीं इस सड़क हादसे ने चार और परिवारों को कभी न भरने वाला गहरा जख्म दे दिया है।
इटवा-बांसी मार्ग पर अनियंत्रित होकर खाई में गिरी कार, चालक सुरक्षित
https://t.co/1XvyUI8nOY
— Voice of News 24 (@VOfnews24) October 4, 2026













