मिर्जापुर

मिर्जापुर जनपद के विंध्याचल क्षेत्र अंतर्गत अकोढ़ी गांव के पास रेलवे अंडरपास में उस समय असहज स्थिति बन गई, जब क्षेत्र भ्रमण पर निकले भाजपा नगर विधायक रत्नाकर मिश्रा की गाड़ी गहरे कीचड़ और जलभराव में फंस गई।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज़ 24 की खास रिपोर्ट।

मिर्जापुर जनपद के विंध्याचल क्षेत्र अंतर्गत अकोढ़ी गांव के पास रेलवे अंडरपास में उस समय असहज स्थिति बन गई, जब क्षेत्र भ्रमण पर निकले भाजपा नगर विधायक रत्नाकर मिश्रा की गाड़ी गहरे कीचड़ और जलभराव में फंस गई। सत्ता की हनक में आगे बढ़ी विधायक की गाड़ी कीचड़ में ऐसी धंसी कि अंततः स्थानीय ग्रामीणों की मदद से ट्रैक्टर मंगवाकर उसे टोचन कर बाहर निकालना पड़ा। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
कीचड़ देख भी ड्राइवर ने बढ़ा दी गाड़ी
मिली जानकारी के अनुसार, नगर विधायक रत्नाकर मिश्रा अपने विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर निकले हुए थे। विंध्याचल से सटे अकोढ़ी गांव के अंडरपास के पास जैसे ही उनका काफिला पहुंचा, सड़क पर भारी कीचड़ और पानी भरा हुआ था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विधायक की गाड़ी होने के चलते चालक ने वाहन को कीचड़ भरे रास्ते से ही निकालने की कोशिश की, लेकिन बीच में पहुंचते ही गाड़ी के पहिए कीचड़ में धंस गए और गाड़ी वहीं थम गई।
ट्रैक्टर के टोचन से निकली विधायक की गाड़ी
गाड़ी फंसने के बाद मौके पर स्थानीय लोगों का हुजूम जुट गया। काफी मशक्कत के बाद भी जब गाड़ी नहीं निकल सकी, तो ग्रामीणों की मदद से एक ट्रैक्टर बुलाया गया। इसके बाद रस्सा बांधकर विधायक की गाड़ी को टोचन किया गया और खींचकर बाहर निकाला गया। इस दौरान मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने घटना का वीडियो अपने मोबाइल में कैद कर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया।
पूरे बरसात जनता ने झेला दर्द, अब विधायक को हुआ अहसास
ग्रामीणों का कहना है कि इस अंडरपास में पानी और कीचड़ भरने की समस्या नई नहीं है। पूरे बरसात भर इलाके के हजारों लोग इसी नारकीय स्थिति से जूझते हुए आवागमन करने को मजबूर रहे हैं। बार-बार शिकायतों के बाद भी जल निकासी की कोई पुख्ता व्यवस्था नहीं की गई। अब जब खुद स्थानीय विधायक की गाड़ी उसी दलदल में फंस गई, तो लोग इसे व्यवस्था और जमीनी हकीकत पर करारा तंज मानते हुए चर्चा कर रहे हैं।
वेस्टइंडीज सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान pic.twitter.com/yBDF8XmvIZ
— Voice of News 24 (@VOfnews24) September 16, 2026











