स्पोर्ट्स डेस्क

भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महिला एशिया कप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज़ 24 की खास रिपोर्ट।

भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महिला एशिया कप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया। दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने श्रीलंका को 72 रनों से करारी शिकस्त दी। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने 8वीं बार महिला एशिया कप की ट्रॉफी अपने नाम कर इतिहास रच दिया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 183 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। भारत की शुरुआत बेहद शानदार रही। सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना ने श्रीलंकाई गेंदबाजों की जमकर खबर लेते हुए पहले विकेट के लिए 129 रनों की शानदार साझेदारी की।
शेफाली वर्मा ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए महज 39 गेंदों में 68 रन बनाए। उनकी पारी में 9 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। वहीं, स्मृति मंधाना ने भी बेहतरीन अर्धशतक जड़ते हुए 39 गेंदों पर 59 रन बनाए, जिसमें 5 चौके और 3 छक्के शामिल थे।
हालांकि मंधाना के आउट होने के बाद भारतीय पारी की रफ्तार कुछ धीमी पड़ गई। भारत ने अगले 54 रन के भीतर अपने चार विकेट गंवा दिए। ऋचा घोष ने 17 रन, कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 14 रन बनाए, जबकि जी. कमालिनी 15 रन बनाकर नाबाद रहीं। श्रीलंका की ओर से मिताली अयोध्या, चमारी अट्टापट्टू और चामुदी प्रबोदा ने एक-एक विकेट हासिल किया।
भारतीय गेंदबाजों के आगे श्रीलंका की बल्लेबाजी ध्वस्त
184 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। महज 4 रन के स्कोर पर उसे पहला झटका लगा। इसके बाद कप्तान चमारी अट्टापट्टू और विश्मी गुनारत्ने ने पारी को संभालने की कोशिश की और दूसरे विकेट के लिए 58 रन की साझेदारी की।
चमारी अट्टापट्टू ने 32 गेंदों में 36 रन बनाए, लेकिन उनके आउट होते ही श्रीलंका की पारी पूरी तरह लड़खड़ा गई। विश्मी गुनारत्ने ने 20 और नीलाक्षी सिल्वा ने 22 रन का योगदान दिया, लेकिन कोई भी बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजों के सामने बड़ी पारी नहीं खेल सका।
भारतीय गेंदबाजों ने लगातार दबाव बनाए रखा और श्रीलंका की पूरी टीम 20 ओवर में 111 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। भारत की ओर से श्री चरनी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके और श्रीलंका की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी।
इस तरह भारत ने फाइनल मुकाबला 72 रनों से जीतकर महिला एशिया कप 2026 की ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया। भारतीय टीम की यह जीत बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में शानदार प्रदर्शन का नतीजा रही। शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना की विस्फोटक बल्लेबाजी के बाद भारतीय गेंदबाजों ने श्रीलंका को लक्ष्य से काफी पहले समेट दिया।
#उत्तर प्रदेश शासन ने प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव करते हुए देर रात 34 प्रांतीय सिविल सेवा (PCS) अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में फेरबदल कर दिया है। pic.twitter.com/W7QGt1BuhD
— Voice of News 24 (@VOfnews24) September 14, 2026












