सिसवा बाजार
महराजगंज जनपद के गोरखपुर-नरकटियागंज रेल खंड पर स्थित सिसवा रेलवे स्टेशन पर बुधवार दोपहर एक बड़ा और दर्दनाक हादसा सामने आया है।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

महराजगंज जनपद के गोरखपुर-नरकटियागंज रेल खंड पर स्थित सिसवा रेलवे स्टेशन पर बुधवार दोपहर एक बड़ा और दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहाँ एक चलती ट्रेन से गिरकर एक अज्ञात रेल यात्री की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा उस वक्त हुआ जब यात्री ट्रेन के दरवाजे से बाहर झांक रहा था और स्टेशन यार्ड में लगे सिग्नल पोल से टकरा गया। सूचना मिलते ही स्थानीय रेलवे प्रशासन और जीआरपी (GRP) मामले की जांच में जुट गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब 12 बजकर 22 मिनट पर सिसवा बाजार रेलवे स्टेशन से ‘अमृत भारत एक्सप्रेस’ ट्रेन गुजर रही थी। इसी दौरान ट्रेन के पायदान या दरवाजे के पास खड़ा एक यात्री बाहर की तरफ झांकने का प्रयास कर रहा था। तभी अचानक स्टेशन यार्ड में लगा एक रेलवे सिग्नल पोल उसके सिर से बेहद तेज रफ्तार में टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि यात्री सीधे नीचे ट्रैक के पास जा गिरा और सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आने के कारण उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे के बाद रेलवे स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई और भारी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए। हालांकि, काफी प्रयास के बाद भी मृतक यात्री की जेब से ऐसा कोई दस्तावेज या टिकट बरामद नहीं हो सका, जिससे उसकी पहचान की जा सके। मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।
सिसवा बाजार के सहायक स्टेशन अधीक्षक दीनबंधु ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे की तत्काल सूचना राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) को दे दी गई है। जीआरपी की टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में ले लिया है और पंचायतनामा भरकर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। आसपास के थानों और रेल मार्गों पर भी मृतक का हुलिया भेजकर उसकी पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
सिकंदराबाद: निजामपुर में पैसों के विवाद में खूनी संघर्ष, लाठी-डंडों के बाद चलीं गोलियां, गाड़ी से कुचला दो की मौत, तीन गंभीर रूप से घायल pic.twitter.com/W2JD07AEVu
— Voice of News 24 (@VOfnews24) July 15, 2026













