बुलंदशहर
बुलंदशहर मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े एक मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी NIA ने बुधवार सुबह बुलंदशहर जिले में ताबड़तोड़ छापेमारी की। NIA की टीम ने जिले के 3 अलग-अलग स्थानों पर एक साथ दबिश देकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
जानकारी के मुताबिक NIA की टीम ने अब्दुल कादिर, फैसल और बिलाल के घरों पर कार्रवाई की है। टीम सुबह करीब 6 बजे बुलंदशहर पहुंची और तुरंत सर्च शुरू कर दिया गया।
सूत्रों का कहना है कि इस पूरे ऑपरेशन में इंटारोड़ी क्षेत्र में स्थित बिलाल के मकान को सबसे अहम माना जा रहा है। यहीं पर NIA की मुख्य कार्रवाई चल रही है। छापेमारी के दौरान पूरे घर को घेर लिया गया है और अंदर-बाहर आने-जाने पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है।
NIA अधिकारी घर से दस्तावेज, बैंक से जुड़े कागजात, डिजिटल डिवाइस और अन्य साक्ष्य खंगालने में जुटे हुए हैं। टीम यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि संदिग्धों के वित्तीय लेन-देन का नेटवर्क कहां-कहां तक फैला हुआ है।
सुरक्षा के मद्देनजर पूरे इलाके में कड़ी निगरानी रखी जा रही है। कार्रवाई पूरी होने तक अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। स्थानीय पुलिस भी NIA के साथ समन्वय बनाकर मौके पर मौजूद है ताकि किसी प्रकार की बाधा न आए।
फिलहाल NIA की ओर से छापेमारी में बरामदगी या हिरासत को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस छापेमारी के बाद इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म है। स्थानीय लोग भी सुबह से NIA की गाड़ियों और पुलिस की मौजूदगी को लेकर तरह-तरह के कयास लगा रहे हैं।












