निचलौल
महराजगंज जनपद के निचलौल थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम सभा बढ़पुरवा में पुलिस और प्रशासनिक अमले ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

महराजगंज जनपद के निचलौल थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम सभा बढ़पुरवा में पुलिस और प्रशासनिक अमले ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। शुक्रवार दोपहर मुखबिर की सटीक सूचना पर स्थानीय प्रशासन ने एक घर पर छापेमारी कर अवैध रूप से स्टॉक करके रखा गया 700 लीटर डीजल बरामद किया है। इस औचक कार्रवाई से क्षेत्र के तेल माफियाओं और अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
छत पर रखी टंकियों में छिपाकर रखा था ईंधन
प्राप्त जानकारी के अनुसार आज शुक्रवार दोपहर लगभग 3:00 बजे उपजिलाधिकारी निचलौल और क्षेत्राधिकारी निचलौल को मुखबिर के जरिए सूचना मिली कि ग्राम बढ़पुरवा के एक घर में बड़े पैमाने पर अवैध डीजल का स्टॉक जमा किया गया है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम और सीओ ने निचलौल थाने की पुलिस टीम के साथ तत्काल बढ़पुरवा गांव में मुकुत पुत्र धुरुप के रिहायशी मकान पर छापेमारी की।
शुरुआती तलाशी में पुलिस को घर के भीतर तीन बड़े गैलन मिले। इसके बाद जब टीम मकान की छत पर पहुंची, तो वहां छोटी और बड़ी टंकियों को आपस में जोड़कर छिपाया गया भारी मात्रा में ईंधन बरामद हुआ। सभी टंकियों और गैलनों को मिलाकर कुल 700 लीटर अवैध डीजल तेल बरामद किया गया, जिसे बिना किसी वैध लाइसेंस या सुरक्षा मानकों के रिहायशी इलाके में स्टॉक किया गया था।
रिहायशी मकान से इतनी बड़ी मात्रा में ज्वलनशील पदार्थ की बरामदगी के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने तुरंत पूर्ति निरीक्षक (सप्लाई इंस्पेक्टर) निचलौल को मौके पर बुलाया। जब्त किए गए डीजल को कब्जे में लेकर पूर्ति विभाग द्वारा आवश्यक विधिक व कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि घरेलू क्षेत्र में इस तरह व्यावसायिक मात्रा में तेल का भंडारण करना पूरी तरह गैरकानूनी है और इससे किसी बड़े हादसे की आशंका भी बनी हुई थी। पुलिस के अनुसार, मौके पर कानून और शांति व्यवस्था पूरी तरह कायम है और आरोपी के खिलाफ आवश्यक धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।
ब्यूरोक्रेसी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 9 वरिष्ठ पीसीएस (PCS) अधिकारियों के तबादले pic.twitter.com/asztCxsxnf
— Voice of News 24 (@VOfnews24) May 29, 2026






















