गोरखपुर: कुशीनगर-लखनऊ फोरलेन पर दो ट्रकों में आमने-सामने भीषण भिड़ंत, जिंदा जलने से चालक और खलासी की दर्दनाक मौत

गोरखपुर

गोरखपुर जनपद के रामगढ़ताल थाना क्षेत्र के अंतर्गत अजवनिया इलाके में कुशीनगर-लखनऊ फोरलेन पर एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

गोरखपुर जनपद के रामगढ़ताल थाना क्षेत्र के अंतर्गत अजवनिया इलाके में कुशीनगर-लखनऊ फोरलेन पर एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ दो ट्रकों के बीच हुई आमने-सामने की जोरदार टक्कर में एक ट्रक देखते ही देखते आग का गोला बन गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक के केबिन में सवार चालक और खलासी को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला और दोनों की मौके पर ही जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई।

जिंदा जले चालक और खलासी, केबिन बना काल

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना भयानक था कि टक्कर होते ही एक ट्रक के डीजल टैंक में विस्फोट हो गया और पल भर में गगनचुंबी लपटें उठने लगीं। ट्रक के केबिन में फंसे चालक और खलासी ने बाहर निकलने का प्रयास किया, लेकिन केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने और आग की रफ्तार तेज होने के कारण वे जिंदा जल गए। हाइवे से गुजर रहे राहगीरों ने घटना को देखकर तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी।

फोरलेन पर लगा कई किलोमीटर लंबा जाम, मची चीख-पुकार

हादसे के बाद हाइवे पर चीख-पुकार मच गई और दोनों तरफ वाहनों के पहिए पूरी तरह थम गए। देखते ही देखते फोरलेन पर कई किलोमीटर लंबा भीषण जाम लग गया। सूचना मिलते ही रामगढ़ताल थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने भारी मशक्कत के बाद ट्रक में धधक रही आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक केबिन में सवार दोनों लोग पूरी तरह खाक हो चुके थे।

क्रेन से हटाए गए वाहन, मृतकों की शिनाख्त में जुटी पुलिस

प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए तुरंत क्रेन मंगवाई और दुर्घटनाग्रस्त ट्रकों को हाईवे के बीच से हटवाकर किनारे कराया, जिसके बाद यातायात को धीरे-धीरे सुचारु किया जा सका। पुलिस ने दोनों कंकाल बन चुके शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।

जांच में जुटी पुलिस

स्थानीय पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में दुर्घटना की मुख्य वजह वाहनों की अत्यधिक तेज रफ्तार और लापरवाही सामने आ रही है। ट्रकों के नंबर और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मृतकों की शिनाख्त करने और उनके परिजनों से संपर्क साधने का प्रयास किया जा रहा है।

 

Voice Of News 24