बलरामपुर
बलरामपुर जनपद के हर्रैया थाना क्षेत्र अंतर्गत लखनीपुर धनगढ़वा गांव में मंगलवार को प्रशासन ने एक बड़ा कदम उठाया।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

बलरामपुर जनपद के हर्रैया थाना क्षेत्र अंतर्गत लखनीपुर धनगढ़वा गांव में मंगलवार को प्रशासन ने एक बड़ा कदम उठाया। यहाँ 23 दिन पहले दफनाए गए एक 21 वर्षीय युवक सुनील कुमार का शव मजिस्ट्रेट की निगरानी में कब्र से बाहर निकाला गया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुनील कुमार की गत 3 मई को इलाज के दौरान मौत हो गई थी, जिसके बाद परिजनों ने रीति-रिवाज के अनुसार शव को दफना दिया था। लेकिन इस मामले में नया मोड़ तब आया, जब मृतक के भाई लवकुश पासवान ने सुनील की मौत को सामान्य मानने से इनकार कर दिया। लवकुश ने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र सौंपकर अपने भाई की हत्या किए जाने की आशंका जताई और निष्पक्ष जांच के लिए पोस्टमार्टम कराने की गुहार लगाई।
सड़क हादसे की कहानी पर उठे सवाल
परिजनों के मुताबिक, 29 अप्रैल को सुनील एक मुंडन कार्यक्रम में शामिल होने गया था। इसी दौरान सूचना मिली कि बरदौलिया के पास एक सड़क दुर्घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गया है। उसे तत्काल स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए लखनऊ के एक निजी अस्पताल के लिए रेफर कर दिया था। वहाँ इलाज के दौरान 3 मई को उसने दम तोड़ दिया।
शुरुआत में इसे महज एक सड़क हादसा माना जा रहा था, लेकिन बाद में परिवार को इस घटना के पीछे किसी गहरी साजिश का अंदेशा हुआ। भाई की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए शासन ने कब्र से शव निकालने के आदेश जारी किए। मंगलवार को जब भारी पुलिस बल की मौजूदगी में कब्र खोदी गई, तो पूरे गांव में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी, जिसके आधार पर आगे की वैधानिक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फरेन्दा: पेट्रोल-डीजल किल्लत पर एसडीएम शैलेंद्र गौतम सख्त; पंप मालिकों और सीओ संग की बैठक, अवैध भंडारण पर लगाया पूर्ण प्रतिबंधhttps://t.co/p20nqmy0Du
— Voice of News 24 (@VOfnews24) May 26, 2026























