लखीमपुर खीरी में गाजियाबाद एटीएम वैन लूट के दो इनामी बदमाश गिरफ्तार, नेपाल सीमा से दबोचे

लखीमपुर खीरी

लखीमपुर खीरी जनपद गाजियाबाद में हुई हाईप्रोफाइल एटीएम वैन लूट कांड के दो शातिर आरोपियों को लखीमपुर खीरी की संपूर्णानगर पुलिस ने नेपाल सीमा से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

लखीमपुर खीरी जनपद गाजियाबाद में हुई हाईप्रोफाइल एटीएम वैन लूट कांड के दो शातिर आरोपियों को लखीमपुर खीरी की संपूर्णानगर पुलिस ने नेपाल सीमा से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पकड़े गए दोनों बदमाशों पर शासन की ओर से एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने इनके पास से लूटी गई नकदी, अवैध असलहे और मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. ख्याति गर्ग के निर्देश पर भारत-नेपाल सीमा पर चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान संपूर्णानगर पुलिस को यह कामयाबी मिली। 25 मई की रात गोविंद नगर चौराहा क्षेत्र में चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गाजियाबाद लूट के आरोपी नेपाल से भारत में प्रवेश करने की फिराक में हैं। इस सूचना पर पुलिस टीम ने सीमावर्ती मार्गों पर घेराबंदी की और नेपाल की तरफ से पैदल आ रहे दो संदिग्धों को दौड़ाकर दबोच लिया।

पूछताछ में आरोपियों की पहचान सुहैब (निवासी विजयनगर) और फिरोज (निवासी प्रताप विहार, गाजियाबाद) के रूप में हुई। आरोपियों ने कुबूल किया कि उन्होंने गत 6 मई को गाजियाबाद हाईवे पर एटीएम वैन से लगभग 25 लाख रुपये की लूट की थी। वारदात के बाद दोनों नेपाल भाग गए थे और वहां से बचे हुए पैसे लेकर बकरीद मनाने वापस अपने घर लौट रहे थे।

पुलिस ने इनके कब्जे से 1 लाख 2 हजार 400 रुपये नकद, दो देशी तमंचे, पांच जिंदा कारतूस और नेपाली सिम कार्ड लगा मोबाइल बरामद किया है। दोनों आरोपी गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक थाने में दर्ज लूट के मामले में वांछित थे। पुलिस ने दोनों के खिलाफ बीएनएस और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है।

 

Voice Of News 24